Spread the love

जामताड़ा: पश्चिम बंगाल की विधायक एवं भाजपा नेत्री अग्निमित्रा पॉल के देवघर जाने के क्रम में जामताड़ा पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। शहर के मां चंचला चौक पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया।

जिला महामंत्री कमलेश मंडल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अग्निमित्रा पॉल को मां चंचला की प्रतिमा भेंट की और उन्हें भाजपा का पट्टा पहनाकर सम्मानित किया। इस स्वागत कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा, जिला मंत्री आभा आर्या, चंडी चरण दे, चंदन राउत, प्रदीप राउत, बृजेश राउत, लखिंदर सिंह और डबलू मिश्रा सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान अग्निमित्रा पॉल ने कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल में इस बार दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर कहा कि इसमें किसी भी प्रकार के व्यवधान की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में जनता के लिए, जनता के द्वारा और जनता की सरकार है, इसलिए दुर्गा पूजा का यह पावन पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न होगा।

मां चंचला चौक पर कुछ देर विश्राम करने के पश्चात अग्निमित्रा पॉल अपने अगले गंतव्य देवघर के लिए रवाना हो गईं।