रिपोर्टर: नेहा गुप्ता
Bhojpur : शहर के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहबतरा स्थित नदी में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जहां नहाने के दौरान गहराई में चले जाने से 17 वर्षीय एक किशोर डूब गया। हादसे के बाद से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और परिजनों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
Bhojpur साथियों के शोर मचाने पर जुटे ग्रामीण, पुलिस को दी सूचना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डूबते किशोर को देख नदी किनारे मौजूद उसके साथियों ने शोर मचाना शुरू किया। आवाज़ सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और बचाव का प्रयास किया। इसके बाद घटना की जानकारी लापता किशोर के परिजनों और स्थानीय टाउन थाना को दी गई। मामला संज्ञान में आते ही टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
Bhojpur SDRF की टीम ने चलाया सघन खोज अभियान
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम को तुरंत मौके पर बुलाया। दोपहर से ही एसडीआरएफ के गोताखोर नदी के गहरे पानी में किशोर की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। हालांकि, देर शाम तक चलाए गए कड़े प्रयासों के बावजूद लापता किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।
आठवीं का छात्र है लापता सद्दाम, परिवार में मचा कोहराम
लापता किशोर की पहचान बरहबतरा मोहल्ला (वार्ड संख्या 3) निवासी मोहम्मद शमीम अंसारी के 17 वर्षीय पुत्र मोहम्मद सद्दाम के रूप में हुई है। सद्दाम आठवीं कक्षा में पढ़ाई करता है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर वह अपने मोहल्ले के दोस्तों के साथ नदी किनारे नहाने गया था, जहां पानी की अत्यधिक गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़े: पंजाब में पाकिस्तान समर्थित बीकेआई आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश: 86 हैंड ग्रेनेड के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार

