रिपोर्टर: कुलदीप सिंह रंधावा
Gurdaspur : पंजाब में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाए जाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला गुरदासपुर जिले का है, जहां अज्ञात हमलावरों ने 42 वर्षीय हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। रविवार रात बाईपास के पास उनका खून से लथपथ शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। इस सनसनीखेज वारदात की जिम्मेदारी आतंकी संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान’ (TTH) ने सोशल मीडिया के माध्यम से ली है, हालांकि पुलिस अधिकारी इस दावे की सत्यता की जांच कर रहे हैं। गौरतलब है कि बीते 9 महीनों के भीतर राज्य में किसी पुलिसकर्मी की यह छठी टारगेट किलिंग है।
ट्रेनिंग से लौटते वक्त दिया गया वारदात को अंजाम
Gurdaspur मृतक के परिजनों के अनुसार, पठानकोट के सुजानपुर में तैनात विनोद कुमार रविवार को विभागीय प्रशिक्षण के लिए संगरूर गए थे। रात करीब 9 बजे उन्होंने अपने भाई को कॉल कर बाईपास से घर ले जाने के लिए बुलाया। जब भाई तय स्थान पर पहुंचा तो विनोद वहां मौजूद नहीं थे और उनका फोन भी बंद आने लगा। अनहोनी की आशंका के चलते परिवार ने तलाश शुरू की, जिसके करीब एक घंटे बाद बाईपास के समीप उनका शव पड़ा मिला। घटना के बाद से उनका बैग और वॉलेट भी गायब है।
CCTV फुटेज में दिखे नकाबपोश बाइक सवार, लिफ्ट देकर मारी गोली
Gurdaspur इस हत्याकांड से जुड़ा एक अहम CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में विनोद कुमार सड़क किनारे खड़े दिख रहे हैं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास से गुजरते हैं और कुछ आगे जाकर रुक जाते हैं। दोनों ने अपने चेहरे ढक रखे थे।
उन्होंने विनोद को लिफ्ट देने की पेशकश की, जिसके बाद विनोद दोनों युवकों के बीच बाइक पर बैठकर चले गए। कुछ ही देर बाद उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्पेशल डीजीपी पीके सिन्हा ने गोली लगने से मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले को सुलझाने के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है और हर एंगल से तफ्तीश जारी है।
सियासी घमासान तेज, सीएम ने की 2 करोड़ की मदद की घोषणा
Gurdaspur लगातार हो रही पुलिसकर्मियों की हत्याओं को लेकर विपक्षी दलों ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मान सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद हेड कॉन्स्टेबल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि और 1 करोड़ रुपये का बीमा कवर देने का ऐलान किया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले फरवरी में गुरदासपुर में एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार, मई में एएसआई जोगा सिंह, सितंबर में अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह और अक्टूबर में तरनतारन में एएसआई इकबाल सिंह की भी इसी तरह गोली मारकर हत्या की जा चुकी है।

