रिपोर्टर: रंजीत सिंह
Bhopal : राजधानी भोपाल में अवैध शराब के कारोबार, तस्करी और सार्वजनिक स्थलों पर जाम छलकाने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने कमर कस ली है। विभाग द्वारा चलाए गए एक विशेष सघन अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 34 मामले पंजीबद्ध किए गए हैं। इस पूरी कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध मदिरा और तस्करी में प्रयुक्त दो दोपहिया वाहनों को अपने कब्जे में लिया है, जिनका कुल बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 50 हजार 900 रुपये आंका गया है।

बागसेवनिया और रंगमहल चौराहे पर पकड़े गए शराब तस्कर
Bhopal अभियान के तहत आबकारी अमले ने बागसेवनिया क्षेत्र में घेराबंदी कर हबीबगंज निवासी श्रीकांत बावस्कर को धर दबोचा। आरोपी अपने स्कूटर (MP 04 WJ 4223) पर देशी मसाला शराब के 200 पाव रखकर अवैध रूप से परिवहन कर रहा था। टीम ने करीब 66 हजार रुपये मूल्य की शराब और वाहन को जब्त कर आरोपी पर आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

इसी तरह, दूसरी बड़ी कार्रवाई रंगमहल चौराहे पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी शेखर लिखार की टीम द्वारा की गई। यहां मोटरसाइकिल (MP 04 WD 2269) से देशी प्लेन शराब के 144 पाव ले जा रहे एक तस्कर को पकड़ा गया। इस प्रकरण में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के अंतर्गत मामला दर्ज कर 90 हजार 900 रुपये कीमत की शराब व बाइक जब्त की गई है।
रायसेन रोड के नामी रेस्टोरेंट और ढाबों पर देर रात दबिश
Bhopal सहायक जिला आबकारी अधिकारी महेश विश्वकर्मा के नेतृत्व में एक अन्य उड़नदस्ते ने रायसेन रोड स्थित विभिन्न रेस्टोरेंट और ढाबों पर देर रात औचक निरीक्षण किया। जांच के दायरे में पेंडियम, शामियाना, समायरा ग्रीन, हेरिटेज बाग, क्लाउड 11, आचमन, लक्स और शाहीपिंड जैसे कई प्रमुख ठिकाने आए। इन प्रतिष्ठानों में बिना अनुमति अवैध रूप से शराब पीने और पिलाने की गतिविधियां संचालित होती पाई गईं, जिस पर विभाग ने सख्ती दिखाते हुए आबकारी अधिनियम की धारा 36 ए/बी के तहत 32 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए।

अवैध शराब के खिलाफ निरंतर जारी रहेगा अभियान
Bhopal यह पूरी मुहिम कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशानुसार तथा उपायुक्त आबकारी केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई, जिसका मैदानी नेतृत्व कंट्रोलर वर्षा उइके ने संभाला। सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ ने स्पष्ट किया कि अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी। इसके साथ ही आम नागरिकों को असली और नकली शराब की पहचान करने के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

