रिपोर्टर: अजीत कुमार ठाकुर
Supaul Minor Girl Murder Case : बिहार के सुपौल से दिल नहला देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहाँ एक बेखौफ अपराधी ने सात वर्षीय मासूम बच्ची की कुदाल से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर को घेरकर आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भारी मशक्कत के बाद आरोपी को उग्र भीड़ से बचाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
Supaul Minor Girl Murder Case दूध लेकर लौट रही मासूम पर पड़ोसी ने किया ताबड़तोड़ वार
यह दिलदहला देने वाली घटना सुपौल सदर थाना क्षेत्र के परसरमा (वार्ड संख्या 8) की है। जानकारी के अनुसार, देर रात गांव के शंभु शाह अपनी सात साल की बेटी प्रीति कुमारी के साथ गांव से ही दूध लेकर अपने घर लौट रहे थे। शंभु शाह आगे चल रहे थे और उनके पीछे-पीछे हाथ में दूध की बोतल लिए मासूम प्रीति आ रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे उनके पड़ोसी राजू शाह ने अचानक बच्ची पर कुदाल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना बर्बर था कि बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
Supaul Minor Girl Murder Case आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर में लगाई आग, भारी पुलिस बल तैनात
मासूम की बेरहमी से हत्या की खबर गांव में आग की तरह फैल गई, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वारदात को अंजाम देकर आरोपी राजू शाह अपने घर में जाकर छिप गया था। उग्र भीड़ ने आरोपी को खदेड़ते हुए उसके घर पर धावा बोल दिया और उसमें आग लगा दी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर SDPO राजीव रंजन कई थानों की पुलिस और भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए उग्र भीड़ के चंगुल से आरोपी को सुरक्षित बाहर निकाला और अपनी गिरफ्त में ले लिया।
Supaul Minor Girl Murder Case FSL की टीम ने जुटाए सबूत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
इस खौफनाक मंजर के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव के लोगों में भारी आक्रोश है। एहतियात के तौर पर पूरे गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य और सैंपल एकत्र करवाए हैं। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सदर SDPO राजीव रंजन का बयान: “शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी राजू शाह को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। इलाके में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले की गहन कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।”

