JabalpurJabalpur
Spread the love

रिपोर्टर: संजय राठौर

Jabalpur : मध्य प्रदेश में नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता, कथित फर्जी फैकल्टी और विद्यार्थियों के स्थानांतरण से जुड़े मामले में जबलपुर हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। न्यायमूर्ति आनंद पाठक और न्यायमूर्ति बीपी शर्मा की युगलपीठ ने लॉ स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता विशाल बघेल समेत अन्य याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए छात्रों के हित में अहम आदेश जारी किए हैं। अदालत ने साफ कर दिया है कि अयोग्य कॉलेजों से योग्य संस्थानों में शिफ्ट किए गए छात्रों से दोबारा ट्यूशन फीस नहीं वसूली जाएगी।

शिफ्ट हुए छात्रों को आर्थिक बोझ से बड़ी राहत

Jabalpur सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ने पक्ष रखा कि सरकारी शिफ्टिंग मॉड्यूल में शुल्क को लेकर स्पष्ट नियम न होने से छात्र आर्थिक संकट झेल रहे हैं। इस पर हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि जो छात्र संबंधित सत्र की ट्यूशन फीस पहले भर चुके हैं, उनसे नए कॉलेज में पुनः ट्यूशन फीस नहीं ली जा सकती। हालांकि, संबंधित कॉलेज परीक्षा, प्रैक्टिकल और न्यूनतम पर्यवेक्षण जैसे वास्तविक आकस्मिक शुल्क ले सकेंगे। अदालत ने नर्सिंग काउंसिल को सभी पात्र निजी कॉलेजों के साथ बैठक कर स्थानांतरित विद्यार्थियों के लिए एकसमान और न्यूनतम शुल्क तय करने के निर्देश भी दिए हैं।

फर्जी फैकल्टी मामले में काउंसिल रजिस्ट्रार तलब

Jabalpur अदालत के समक्ष 45 निजी नर्सिंग कॉलेजों में सरकारी कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (CHO) को कथित तौर पर फर्जी फैकल्टी दिखाने का गंभीर मुद्दा उठा। याचिकाकर्ता की ओर से इस अनियमितता में मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल (MPNRC) के रजिस्ट्रार की भूमिका होने के आरोप लगाए गए। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए युगलपीठ ने रजिस्ट्रार को अगली सुनवाई पर व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में हाजिर होने का आदेश दिया है।

नई प्रवेश नियमावली और पारदर्शी शिफ्टिंग मॉड्यूल के निर्देश

Jabalpur याचिकाकर्ता ने छात्रों के संरक्षण के लिए अयोग्य संस्थानों से 30 दिनों में फीस वापसी, देरी पर बैंक गारंटी या एफडीआर से वसूली, क्षतिपूर्ति, मेरिट आधारित पारदर्शी काउंसलिंग और छात्रवृत्ति की निरंतरता जैसे सुझाव रखे। साथ ही फैकल्टी डुप्लीकेसी रोकने हेतु बायोमेट्रिक उपस्थिति, ऑनलाइन रिकॉर्ड और नियम तोड़ने वाले कॉलेजों पर एफआईआर व ब्लैकलिस्टिंग की मांग की गई। हाईकोर्ट ने MPNRC और लॉ स्टूडेंट्स एसोसिएशन को चार सप्ताह के भीतर नई प्रवेश नियमावली का ड्राफ्ट तैयार करने तथा अगली सुनवाई से पूर्व सभी सुधारों के साथ समेकित शिफ्टिंग मॉड्यूल प्रस्तुत करने का आदेश दिया है।

ये भी पढ़े: झारखंड स्टेट ओलंपियाड में जामताड़ा के 7 होनहार छात्र सम्मानित, मिला लैपटॉप और मेडल