रिपोर्टर: अजीत कुमार ठाकुर
Supaul : सदर प्रखंड स्थित राजकीय बालिका विशेश्वर उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत जागरूकता और शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन (सुपौल) तथा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत हुए इस आयोजन में छात्राओं को कम उम्र में शादी के नुकसान, कानूनी नियमों, सुरक्षा और शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया।


कानून, अधिकार और शिक्षा पर जोर
Supaul कार्यक्रम के दौरान लैंगिक विशेषज्ञ नीतू कुमारी ने स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम उम्र में विवाह करना कानूनन अपराध है और इससे लड़कियों की पढ़ाई रुकने के साथ शारीरिक व मानसिक सेहत पर भी बुरा असर पड़ता है। केंद्र प्रशासक कुमारी प्रतिभा और रुपम कुमारी ने छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षित माहौल और किसी भी तरह के दबाव या उत्पीड़न के समय उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में बताया। वहीं, मोहम्मद तारिक ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही बालिकाएं अपने अधिकारों को पहचान सकती हैं और सामाजिक कुरीतियों का डटकर सामना कर सकती हैं।
स्वास्थ्य जोखिम और आत्मनिर्भरता पर चर्चा
Supaul जिला मिशन समन्वयक हरिनारायण कुमार ने कहा कि कम उम्र में शादी और गर्भधारण से स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं बढ़ती हैं तथा लड़कियों के आत्मनिर्भर बनने के रास्ते सीमित होते हैं। उन्होंने जोर दिया कि बेटियों को जल्दी शादी करने के बजाय पढ़ने, लक्ष्य तय करने और अपने पैरों पर खड़े होने का मौका मिलना चाहिए, ताकि वे समाज और देश के विकास में योगदान दे सकें।
छात्राओं ने लिया संकल्प, कई गणमान्य रहे मौजूद
Supaul आयोजन के अंत में छात्राओं ने सामूहिक शपथ ली कि वे 18 वर्ष से कम उम्र में शादी नहीं करेंगी, आसपास होने वाले बाल विवाह को रोकेंगी और लोगों को जागरूक करेंगी। वक्ताओं ने कहा कि इस कुप्रथा को खत्म करने के लिए परिवार, समाज, स्कूल और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इस मौके पर प्रधानाचार्य गोपाल कुमार चौधरी, परियोजना प्रबंधक प्रकाश कुमार, उत्पल कुमार, संगीता कुमारी, नंदनी कुमारी, विभाष कुमार और मिथिलेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़े: बड़ौनी में पारिवारिक विवाद के बाद बहू से मारपीट, तेजाब पिलाने का आरोप





