Fatehpur Tehsil:उत्तरप्रदेश के फतेहपुर जिले में पुश्तैनी जमीन व मकान के विवाद को लेकर तहसील परिसर के भीतर खुलेआम हथियार लहराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शिकायत लेकर पहुंची एक महिला, उनके पति और पांच वर्षीय बेटी के साथ मारपीट व बदसलूकी की गई, साथ ही उन पर लाइसेंसी असलहे तान दिए गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने पांच नामजद सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए प्रत्येक आरोपी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
जमीन की शिकायत करने पहुंचे परिवार से भिड़ा दूसरा पक्ष
Fatehpur Tehsil:पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 नवंबर को सुबह करीब 11:15 बजे फतेहपुर सदर तहसील के नए गेट के पास हुई। सरकंडी गांव निवासी रेखा तिवारी अपने पति बजरंग द्विवेदी और पांच साल की बेटी कामाख्या के साथ पुश्तैनी संपत्ति पर कब्जे की शिकायत लेकर तहसीलदार के पास पहुंची थीं। इसी दौरान दूसरा पक्ष भी वहां आ पहुंचा और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
दंपति और मासूम बच्ची पर असलहे लोड कर तानने का आरोप
Fatehpur Tehsil:रेखा तिवारी की तहरीर के मुताबिक, विरोधी पक्ष के लोग हथियारों के साथ पहुंचे थे। आरोप लगाया गया है कि प्रमोद तिवारी के पास राइफल और रिवॉल्वर थी, जबकि उनके बेटे प्रियांजल तिवारी के हाथ में सिंगल बैरल बंदूक थी और भोला तिवारी की राइफल वाहन में रखी थी। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज व धक्का-मुक्की की और विरोध करने पर प्रमोद व प्रियांजल ने हथियार लोड कर दंपति तथा उनकी पांच साल की बच्ची पर तान दिए, जिससे परिसर में अफरातफरी मच गई।
पुलिस स्टीकर लगी लाल कार से फरार हुए आरोपी, वीडियो वायरल
Fatehpur Tehsil:घटना का वीडियो सामने आने पर तहसील के बाहर भीड़ के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की का दृश्य दिखा, जिसमें कुछ लोग लाल रंग की हुंडई इयॉन कार के पास नजर आए। आरोप है कि लोगों के विरोध के बावजूद आरोपी हथियार लहराते हुए इसी कार से भाग निकले, जिस पर पुलिस का टैग लगा हुआ था। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि वायरल वीडियो की पड़ताल में सामने आया है कि दोनों पक्ष सरकंडी गांव के ही रहने वाले एक ही परिवार से जुड़े हैं और इनके बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा है, जिसके दस्तावेज एसडीएम व तहसीलदार के समक्ष पेश करने की सलाह दी गई थी।
वाराणसी में तैनात पुलिसकर्मी का नाम आया सामने, लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी
Fatehpur Tehsil:एसपी अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, वीडियो में असलहा थामे दिख रहे प्रमोद तिवारी पुलिस महकमे में कार्यरत हैं और वर्तमान में वाराणसी में तैनात हैं। उनके दोनों बेटों के नाम भी सामने आए हैं और जांच में यह तथ्य मिला है कि दिख रहे हथियार लाइसेंसी हैं, जो सुल्तानपुर में तैनाती के दौरान बनवाए गए थे। फतेहपुर कोतवाली में 27 नवंबर की शाम एफआईआर संख्या 0579 के तहत केशव उर्फ रमेश व्यास, प्रमोद तिवारी, आयुष तिवारी, प्रियांजल तिवारी, भोला तिवारी और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(2), 115(2), 352 व 351(2) में केस दर्ज किया गया है। सभी पांच नामजद आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित करते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं, साथ ही सार्वजनिक स्थल पर शस्त्र प्रदर्शन को आर्म्स एक्ट का उल्लंघन मानते हुए लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए संबंधित जिलाधिकारियों को पत्र भेजने की कार्रवाई की जा रही है।



