रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura Student Rape Case Ajay Yadav : बिहार के शेखपुरा जिले के करणडे थाना क्षेत्र में स्नातक (ग्रेजुएशन) की परीक्षा देकर घर लौट रही एक छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म का बेहद संवेदनशील मामला प्रकाश में आया है। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर महिला थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, लेकिन पुलिस की सुस्त कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने समाहरणालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) का घेराव किया और न्याय की गुहार लगाई।

Sheikhpura Student Rape Case Ajay Yadav परीक्षा देकर लौट रही छात्रा को सुनसान रास्ते में घेरा, दूध विक्रेता की सतर्कता से बची जान
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता हथियावां कॉलेज से परीक्षा देने के बाद बस से चेवाड़ा पहुंची थी। वहां से वह अपनी साइकिल से घर के लिए रवाना हुई। इसी दौरान करंडे थाना क्षेत्र के जयनगर गांव के समीप पंचगछिया के पास घात लगाए बैठे करंडे थाना क्षेत्र के ही केवाली गांव निवासी अजय यादव ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। छात्रा के गिरने के बाद आरोपी उसे जबरन खींचकर एक सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

इसी बीच वहां से गुजर रहे एक दूध विक्रेता को सड़क किनारे लावारिस गिरी साइकिल देखकर शक हुआ। जब उसने वापस लौटकर आवाज लगाई, तो उसे छात्रा के कराहने की आवाज सुनाई दी। दूध विक्रेता के शोर मचाने पर जब ग्रामीण मौके की तरफ दौड़े, तो भीड़ आती देख आरोपी अजय यादव अपनी साइकिल वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने मौके से मिली साइकिल और बाद में पीड़िता ने तस्वीर देखकर आरोपी की पहचान की।
Sheikhpura Student Rape Case Ajay Yadav प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए देना पड़ा धरना, ग्रामीणों ने पुलिस पर उठाए सवाल
पीड़िता के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस जघन्य अपराध के बाद भी पुलिस का रवैया बेहद उदासीन रहा। शुरुआत में मामले को दर्ज करने में टालमटोल की गई, जिसके विरोध में ग्रामीणों को करंडे थाने में धरना तक देना पड़ा। काफी दबाव के बाद बुधवार देर रात महिला थाने में एफआईआर दर्ज की गई। घटना के ४८ घंटे बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने और पुलिस के जांच स्थल पर न पहुंचने से नाराज ग्रामीणों व अधिवक्ताओं ने एसपी से मुलाकात कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने इस बात पर भी गहरा रोष जताया कि पुलिस इस गंभीर मामले को ‘प्रेम प्रसंग’ से जोड़कर कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
Sheikhpura Student Rape Case Ajay Yadav पुलिस का बयान: लगातार हो रही छापेमारी, जल्द पकड़ा जाएगा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाला है। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) डॉ. राकेश कुमार और साइबर डीएसपी ज्योति कुमारी ने बताया कि मामले की पूरी संवेदनशीलता के साथ जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन मिलने में कुछ देरी हुई थी, जिसके कारण शुरुआती प्रक्रिया में वक्त लगा। फिलहाल पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) कराया जा रहा है और अदालत में उसका बयान दर्ज कराने की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी अजय यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

