रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : शिक्षा के प्रसार और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को समर्पित ‘एक कदम शिक्षा की ओर’ निःशुल्क पुस्तकालय की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर शेखपुरा के एक निजी सभागार में रविवार को भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर की। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने शॉल ओढ़ाकर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया।
शिक्षा से ही निर्मित होता है सशक्त भविष्य: एसडीपीओ
Sheikhpura समारोह को संबोधित करते हुए एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि बच्चे ही देश के आने वाले कल की नींव हैं। समाज के प्रबुद्ध वर्ग द्वारा ग्रामीण और वंचित क्षेत्र के बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जिसके जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
मेधावी विद्यार्थियों को मिला पुरस्कार और सम्मान
Sheikhpura कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए मेडल, बैग, कॉपियां और कलम देकर सम्मानित किया गया। अपनी प्रतिभा का परचम लहराने वाले नन्हे विद्यार्थियों के चेहरे पुरस्कार पाकर खिल उठे।
अव्वल आने वाले छात्रों को वर्षभर मिलेगी स्कॉलरशिप
Sheikhpura संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष धर्मराज कुमार (उर्फ परशुराम राम) और आयोजकों की ओर से छात्रों के हित में एक बड़ी घोषणा की गई। उन्होंने बताया कि अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को संस्था की ओर से एक वर्ष के लिए छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) प्रदान की जाएगी, ताकि उनकी पढ़ाई में कोई बाधा न आए।
ये भी पढ़े: रंगों के जरिए बच्चों ने बिखेरे कल्पना के रंग, मिहिजाम में भव्य चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

