Spread the love

रायसेन: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

जानकारी के मुताबिक, पांचों युवक ग्राम तामोट से गणेश प्रतिमा के दर्शन कर अपने गांव दिवटिया लौट रहे थे। सलकनपुर मार्ग पर गांव के नजदीक पहुंचते ही उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और पेड़ से टकरा गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने घर से महज कुछ कदम की दूरी पर ही पहुंचे थे, तभी यह हादसा हो गया।

चार युवाओं ने गंवाई जान

हादसे में गौरव नागर (19), शुभम नागर (20), क्रिस नागर (17) और आशीष नागर (18) की मौत हो गई। वहीं, उनके साथी प्रशांत नागर को गंभीर चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए भोपाल स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

नूरगंज थाना क्षेत्र का मामला

घटना नूरगंज थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। चार युवाओं की मौत की खबर से दिवटिया गांव में मातम पसरा हुआ है। एक साथ चार युवाओं की जान जाने से परिवारों में भी कोहराम मचा है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में कार की तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।