AurangabadAurangabad
Spread the love

रिपोर्टर: दीनानाथ माऔर

Aurangabad : बिहार के औरंगाबाद जिले स्थित रफीगंज थाना क्षेत्र के बौर गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। खेत में जानवरों के लिए चारा काटने गए बुजुर्ग दंपत्ति की जमीन पर गिरे 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक साथ परिवार के दो सदस्यों की जान चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय गोपाल प्रसाद और उनकी 60 वर्षीय पत्नी ऐरावंति देवी के रूप में हुई है।

घास काटने के दौरान 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आए

Aurangabad प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बौर गांव स्थित पंचायत सरकार भवन के पास बधार (खेत) में हुई। वहां 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार टूटकर पहले से गिरा हुआ था। गोपाल प्रसाद और उनकी पत्नी ऐरावंति देवी शाम के समय मवेशियों के लिए घास काटने बधार गए थे, जहां अनजाने में वे इस जीवित तार के संपर्क में आ गए। करंट इतना जोरदार था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

Aurangabad घटना की सूचना मिलते ही रफीगंज पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और बौर पंचायत के मुखिया विनय प्रसाद भी मौके पर पहुंचे और इस दुखद घड़ी में परिजनों को ढांढस बंधाया।

परिजनों के लिए मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Aurangabad स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इस हादसे के लिए पूरी तरह से बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, अचानक आए इस आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रहे पीड़ित परिवार को बिहार सरकार व संबंधित विभाग से अविलंब उचित मुआवजा देने की अपील की है।

ये भी पढ़े: जमशेदपुर: सोनारी के नारायणी धाम में उल्लासपूर्वक मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भजनों पर देर रात तक झूमे भक्त