आगरा: ताजनगरी आगरा में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को गुमराह करने, परेशान करने और कथित तौर पर ठगी के मामलों पर लगाम लगाने के लिए पर्यटन पुलिस का अभियान लगातार जारी है। डीसीपी सिटी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने चार संदिग्ध लपकों को गिरफ्तार किया है।
नवागत पर्यटन प्रभारी अभिषेक गुप्ता के कार्यभार संभालने के बाद पर्यटन स्थलों के आसपास सक्रिय अवैध गाइडों और लपकों के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से पर्यटन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है।
वाटर वर्क्स और शिल्पग्राम पार्किंग से गिरफ्तारी
पर्यटन पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए वाटर वर्क्स इलाके से दो लोगों को पकड़ा, जबकि दो अन्य संदिग्धों को शिल्पग्राम पार्किंग क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोग ताजमहल और आसपास के पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों से संपर्क कर उन्हें अपने साथ ले जाने और गाइडिंग की पेशकश करने की कोशिश करते थे।
पुलिस का कहना है कि पर्यटकों को अनधिकृत गाइडिंग या अन्य गतिविधियों के नाम पर परेशान करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
पर्यटकों की सुरक्षा पर पर्यटन पुलिस का फोकस
डीसीपी सिटी के निर्देश पर पर्यटन पुलिस द्वारा ताजमहल समेत प्रमुख पर्यटन स्थलों के आसपास निगरानी बढ़ाई जा रही है। अभियान का उद्देश्य पर्यटकों को अवैध गाइडों, लपकों और कथित ठगी से बचाना है।
पर्यटन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगरा आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पर्यटन स्थलों के आसपास सक्रिय अनधिकृत गाइडों और लपकों में खलबली मची हुई है।
