Report by: Ranjan Kumar
Sheikhpura : बिहार के शेखपुरा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ महज एक थ्रेसर मशीन को रास्ते से हटाने के विवाद ने दो परिवारों की खुशियाँ उजाड़ दीं। सिरारी थाना क्षेत्र के अकौना गांव में शनिवार को वर्चस्व और आपसी रंजिश के चलते हुई गोलीबारी में दो लोगों की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त है।
Sheikhpura विवाद और खूनी संघर्ष की शुरुआत
जानकारी के अनुसार, अकौना गांव में फसल कटाई के काम में आने वाली थ्रेसर मशीन को खड़ा करने और उसे वहां से हटाने को लेकर दो पक्षों (जो रिश्ते में भाई बताए जा रहे हैं) के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि लाठी-डंडों के बाद हथियार निकल आए। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में पूरे गांव में दहशत फैल गई।
Sheikhpura गोलीबारी में दो की मौत, गांव में मातम
इस खूनी खेल में गोली लगने से 65 वर्षीय बुजुर्ग टुन्ना यादव की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, दूसरा पक्ष से प्रेम राज उर्फ संतोष यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल संतोष को आनन-फानन में शेखपुरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पावापुरी (VIMS) रेफर कर दिया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था और इलाज के दौरान संतोष यादव ने भी दम तोड़ दिया।
Sheikhpura पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 5 हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही सिरारी थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुँची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मौके से पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद से ही पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
Sheikhpura क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक (SP)
इस दोहरे हत्याकांड पर जानकारी देते हुए शेखपुरा एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने बताया:
“दो भाइयों के बीच थ्रेसर मशीन हटाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसने हिंसक रूप ले लिया। गोलीबारी में दो लोगों की मृत्यु हुई है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को कस्टडी में लिया है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात (कैंप) कर दिया गया है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
Also Read This: Gwalior Fort: रील के चक्कर में मर्यादा तार-तार, विदेशी पर्यटक के साथ अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल

