रिपोर्टर: रंजीत सिंह
Bhopal : सेंट्रल जेल से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला प्रहरी ने जेलर मग्नू सिंह मरावी पर दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस घटना के प्रकाश में आने के बाद जेल महकमे और पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।
गश्त के दौरान वारदात और धमकी का आरोप
Bhopal गांधी नगर थाना क्षेत्र की एसआई प्रभावती शर्मा के मुताबिक, पीड़ित महिला प्रहरी शुक्रवार रात जेल परिसर में ड्यूटी पर तैनात थी। रात करीब 10:30 बजे गश्त के दौरान उसका सामना जेलर मग्नू सिंह मरावी से हुआ। आरोप है कि जेलर ने पहले अश्लील बातचीत की, फिर उसे जबरन नजदीकी वॉशरूम में ले जाकर दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने देर रात गांधी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी जेलर को हिरासत में ले लिया है।
सीसीटीवी, ड्यूटी चार्ट और मेडिकल जांच में जुटी पुलिस
Bhopal शिकायत मिलते ही पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और घटनास्थल का मुआयना करने के लिए एक टीम भोपाल सेंट्रल जेल भेजी। जांच के तहत पुलिस जेल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, उस रात के ड्यूटी रोस्टर व रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है और मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों व संभावित गवाहों से पूछताछ की जा रही है।
2017 के पुराने मामले की भी चर्चा
Bhopal पड़ताल के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि शिकायतकर्ता महिला प्रहरी ने वर्ष 2017 में भी जेल के ही एक अन्य अधिकारी के विरुद्ध मामला दर्ज कराया था। हालांकि, उस पुराने प्रकरण का मौजूदा घटनाक्रम से कोई संबंध है या नहीं, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस फिलहाल इस ताजा मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच कर रही है।
ये भी पढ़े: मध्य प्रदेश: बाल विवाह रोकने के लिए पंचायतों में अनिवार्य होगा विवाह पंजीयन, मंत्री प्रहलाद पटेल की घोषणा




