Global Tensions Impact Indian Stock Market : पश्चिम एशिया में अचानक बढ़े भू-राजनीतिक तनाव के कारण वैश्विक बाजारों में घबराहट का माहौल है। इस संकट की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें 3 फीसदी तक उछल गई हैं। वैश्विक संकेतों का असर भारतीय घरेलू शेयर बाजार पर भी साफ देखने को मिला, जहाँ हफ्ते के पहले कारोबारी दिन (सोमवार) बाजार भारी बिकवाली के साथ खुला। बीएसई (BSE) का 30 शेयरों वाला संवेदनशील सूचकांक सेंसेक्स 606.04 अंक (0.78%) की बड़ी गिरावट के साथ 76,963.35 के स्तर पर खुला। वहीं, एनएसई (NSE) का निफ्टी 50 भी 167.50 अंक (0.69%) टूटकर 24,039.40 के स्तर पर खुला।
Global Tensions Impact Indian Stock Market बाजार में चौतरफा बिकवाली, ज्यादातर शेयर लाल निशान में
सोमवार को बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि सेंसेक्स की 30 प्रमुख कंपनियों में से केवल 2 कंपनियां ही बढ़त बनाने में कामयाब रहीं। बाकी 26 कंपनियों के शेयर भारी नुकसान के साथ लाल निशान में खुले, जबकि 2 कंपनियों के शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी 50 का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा, जहाँ 50 में से महज 6 शेयर हरे निशान में टिक पाए और बाकी 44 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ खुले।
Global Tensions Impact Indian Stock Market इन दिग्गज शेयरों ने गंवाई अपनी चमक
बाजार की इस गिरावट में विमानन कंपनी इंडिगो (Indigo) के शेयर सबसे ज्यादा 1.94% टूट गए। इसके अलावा टेक महिंद्रा में 1.86%, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.76%, मारुति सुजुकी में 1.44% और देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई (SBI) में 1.41% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और इन्फोसिस जैसे बड़े हैवीवेट शेयर्स भी करीब 1 प्रतिशत तक की कमजोरी के साथ कारोबार करते दिखे।
Global Tensions Impact Indian Stock Market विपरीत माहौल में भी टिके रहे ये शेयर
बाजार के इस निराशाजनक माहौल के बीच बिजली क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एनटीपीसी (NTPC) के शेयर 0.28% की मजबूती के साथ टॉप गेनर रहे। आईटी क्षेत्र की कंपनी एचसीएल टेक (HCL Tech) भी 0.15% की मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में खुली। वहीं, दिग्गज आईटी फर्म टीसीएस (TCS) और पावर ग्रिड (Power Grid) के शेयरों में शुरुआती कारोबार के दौरान कोई उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिला और वे बिना किसी बदलाव के फ्लैट खुले।

