Report by: Avinash Srivastwa
Sasaram : नगर निगम सासाराम के पुरानी जीटी रोड स्थित साहू सिनेमा के समीप बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो पेड़ से टकरा गई, जिसमें सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
Sasaram ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हुई गाड़ी
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार तीनों युवक एक बर्थडे पार्टी में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब 2:00 बजे साहू सिनेमा के पास अचानक गाड़ी का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वह पेड़ से पूरी तरह चिपक गई।
Sasaram पान की गुमटियों को रौंदते हुए पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो
अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने पेड़ से टकराने से पहले सड़क किनारे स्थित पान की दो गुमटियों को भी बुरी तरह रौंद दिया, जिससे वे क्षतिग्रस्त होकर दूर जा गिरीं। जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे घायलों और मृतक को बाहर निकाला।
Sasaram मृतक और घायलों की पहचान
- मृतक: ओमप्रकाश पासवान (25 वर्ष), पिता- कन्हैया पासवान, निवासी- किरहिंडी, थाना शिवसागर।
- घायल: प्रतीक राज (27 वर्ष) और जयप्रकाश कुमार (26 वर्ष)। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
Sasaram पुलिस की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही सासाराम नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तत्काल सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहाँ से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक ओमप्रकाश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
Also Read This: Indore: वंदे मातरम विवाद में बढ़ी मुश्किलें, कांग्रेस की दो महिला पार्षदों पर FIR दर्ज; 4 घंटे तक हुई पूछताछ

