रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Raipur : छत्तीसगढ़ राज्योत्सव से पहले राजधानी रायपुर का आसमान भारतीय वायुसेना के अदम्य साहस और रोमांच का साक्षी बनने जा रहा है। शुक्रवार को रायपुरवासियों को आसमान में एक अद्भुत और रोमांचक दृश्य देखने को मिलेगा, जहाँ वायुसेना की मशहूर ‘सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम’ अपने शानदार हवाई करतबों का प्रदर्शन करेगी।
दोपहर 12:20 बजे से आसमान में दिखेगा 25 मिनट का रोमांच
Raipur सारंग टीम के हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे तक रायपुर के आसमान में उड़ान भरेंगे। लगभग 25 मिनट तक चलने वाले इस अभ्यास प्रदर्शन को शहरवासी आसानी से अपने घरों की छतों से देख सकेंगे। आसमान में हेलीकॉप्टरों की गूंज और उनका आपसी तालमेल लोगों के लिए एक अनोखा आकर्षण रहेगा।
स्वदेशी तकनीक ‘ध्रुव’ से सजा सारंग का बेड़ा
Raipur भारतीय वायुसेना की यह विशेष टीम भारत में निर्मित स्वदेशी ‘ध्रुव’ (ALH) हेलीकॉप्टरों से लैस है। सारंग टीम अपनी सटीक टाइमिंग, अनुशासन और साहसिक एरोबैटिक डिस्प्ले के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। रायपुर के ऊपर होने वाली यह उड़ान 2 नवंबर के मुख्य एयर शो की पूर्व तैयारियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक पर भव्य एयर शो
Raipur छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस और राज्योत्सव के उपलक्ष्य में मुख्य एयर शो 2 नवंबर को नवा रायपुर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। राज्योत्सव की शुरुआत 1 नवंबर से हो रही है, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विभागीय स्टॉल्स और राज्य की प्रमुख हस्तियों के सम्मान समारोह की व्यापक तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।

