BY: Yoganand Shrivastva
पटना। बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को शिक्षक बहाली (TRE-4) के नोटिफिकेशन की मांग कर रहे छात्रों पर पुलिस ने जमकर लाठियां चटकाईं। अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे सैकड़ों अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिसमें कई छात्र घायल हो गए हैं। बीपीएससी (BPSC) के नए नियमों में बदलाव और भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर छात्रों का आक्रोश चरम पर है।
पटना कॉलेज से जेपी गोलंबर तक छात्रों का हुजूम
शिक्षक बहाली के चौथे चरण (TRE-4) का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र पटना कॉलेज परिसर में एकत्र हुए। यहाँ से छात्रों ने एक विशाल जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारी छात्र नारेबाजी करते हुए जैसे ही जेपी गोलंबर के पास पहुंचे, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की। छात्रों के आगे बढ़ने की जिद और पुलिस के कड़े रुख के कारण वहां तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।

प्रदर्शन हुआ उग्र, पुलिस ने किया बल प्रयोग
जब प्रदर्शनकारी छात्र जेपी गोलंबर पर पुलिस की घेराबंदी तोड़कर आगे बढ़ने लगे, तो स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग शुरू कर दिया। पुलिस की ओर से किए गए लाठीचार्ज में अफरा-तफरी मच गई और कई छात्र लहूलुहान हो गए। लाठीचार्ज के बाद प्रदर्शनकारी तितर-बितर हो गए, लेकिन छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने शांतिपूर्ण मार्च पर बर्बरता दिखाई है।

सरकार से मांग: जल्द जारी हो विज्ञापन और नियमों में सुधार
घायल छात्रों और अभ्यर्थी नेताओं का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से TRE-4 के नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से केवल आश्वासन मिल रहा है। इसके अलावा, छात्र BPSC द्वारा हाल ही में भर्ती नियमों में किए गए बदलावों का भी विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द से जल्द विज्ञापन जारी करने और अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नियमों को सरल बनाने की मांग की है।
