रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रामपुर माधोपुर गांव से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ एक घर में अभी बेटी की शादी की मेहंदी का रंग उतरा भी नहीं था कि वहां मातम पसर गया। बेटी की विदाई के महज 24 घंटे के भीतर एक बेटे ने अपने ही पिता की कुदाली से काटकर हत्या कर दी।
Jamtara विदाई की शहनाइयों के बीच पसरा सन्नाटा
मृतक 58 वर्षीय गोविंद राय के घर में कुछ ही घंटों पहले तक उत्सव का माहौल था। 3 तारीख को उनकी पुत्री आशा राय का विवाह संपन्न हुआ और 4 तारीख की सुबह नम आंखों से उसे विदा किया गया। मेहमानों की आवाजाही और हंसी-खुशी के माहौल के बीच किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि अगले ही दिन यह घर श्मशान बन जाएगा।
Jamtara नशे की स्थिति और खूनी संघर्ष
मिली जानकारी के अनुसार, 5 तारीख को गोविंद राय और उनके बड़े बेटे ललित राय के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त पिता-पुत्र दोनों ही नशे के प्रभाव में थे। शुरुआती बहस के बाद परिजनों ने मामला शांत करा दिया था, लेकिन कुछ ही देर बाद विवाद फिर गहरा गया। आवेश में आकर ललित ने पास रखी कुदाली से अपने पिता पर जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे गोविंद राय की मौके पर ही मौत हो गई।
Jamtara पुलिसिया कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी
जब मृतक की पत्नी कुंती देवी घर लौटीं, तो पति का लहूलुहान शव देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। ग्रामीणों की सूचना पर करमाटांड़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे ललित राय को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुदाली को जब्त कर लिया है और फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण पारिवारिक कलह नजर आ रहा है।

