Spread the love

राजस्थान: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजस्थान में ‘अमृत स्टेशनों’ के उद्घाटन समारोह के दौरान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “22 तारीख के हमले के जवाब में हमने 22 मिनट में आतंकियों के 9 सबसे बड़े ठिकाने तबाह कर दिए। दुनिया ने और देश के दुश्मनों ने भी देख लिया कि जब सिंदूर बारूद बन जाता है तो नतीजा क्या होता है।”

वीर भूमि राजस्थान से आतंकवाद पर प्रहार
पीएम मोदी ने राजस्थान की धरती को ‘वीर धरा’ बताते हुए कहा कि यह हमें सिखाती है कि देश और देशवासियों से बड़ा कुछ नहीं है। उन्होंने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि आतंकवादियों ने धर्म पूछकर हमारी बहनों की मांग का सिंदूर उजाड़ दिया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे गोलियां पहलगाम में चली थीं, लेकिन उनसे 140 करोड़ देशवासियों का सीना छलनी हुआ था। इसके बाद हर देशवासी ने एकजुट होकर संकल्प लिया था कि आतंकवादियों को मिट्टी में मिला देंगे और उन्हें कल्पना से भी बड़ी सजा देंगे। मोदी ने कहा, “आज आपके आशीर्वाद से, देश की सेना के शौर्य से, हम सब उस प्रण पर खरे उतरे हैं। हमारी सरकार ने तीनों सेनाओं को खुली छूट दी… तीनों सेनाओं ने मिलकर ऐसा चक्रव्यूह रचा कि पाकिस्तान को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया।”

“हिंदुस्तान का लहू बहाते थे, आज कतरे-कतरे का हिसाब चुकाया है”
प्रधानमंत्री ने एयर स्ट्राइक के बाद चुरू में दिए अपने बयान को दोहराया, “सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा।” उन्होंने दृढ़ता से कहा, “आज मैं राजस्थान की धरती से देशवासियों से बड़ी नम्रता से कहना चाहता हूं कि जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया है। जो हिंदुस्तान का लहू बहाते थे, आज कतरे-कतरे का हिसाब चुकाया है। जो सोच चुके थे कि भारत चुप रहेगा, आज वो घरों में दुबके पड़े हैं। जो अपने हथियारों पर घमंड करते थे, आज वो मलबे के ढेर में दबे हुए हैं।”

“अब तो मोदी की नसों में लहू नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है”
पीएम मोदी ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा, “अब भारत ने दो टूक साफ कर दिया है। हर आतंकी हमले की पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। ये कीमत… पाकिस्तान की सेना चुकाएगी… पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था चुकाएगी। पाकिस्तान एक बात भूल गया कि अब मां भारती का सेवक मोदी यहां सीना तानकर खड़ा है। मोदी का दिमाग ठंडा है, ठंडा रहता है, लेकिन मोदी का लहू गर्म होता है। अब तो मोदी की नसों में लहू नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है।”

ऑपरेशन सिंदूर के तीन सूत्र: न्याय का नया स्वरूप
प्रधानमंत्री ने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने आतंकवाद से निपटने के तीन सूत्र तय कर दिए हैं:

  • करारा जवाब: यदि भारत पर आतंकी हमला हुआ, तो करारा जवाब मिलेगा। समय, तरीका और शर्तें हमारी सेनाएं तय करेंगी।
  • परमाणु धमकी का कोई डर नहीं: एटम बम की गीदड़ भभकियों से भारत डरने वाला नहीं है।
  • आतंकी आकाओं को एक मानेंगे: हम आतंक के आकाओं और आतंक की सरपरस्त सरकार को अलग-अलग नहीं देखेंगे। उन्हें एक ही मानेंगे। पाकिस्तान का ‘स्टेट और नॉन-स्टेट एक्टर’ वाला खेल अब नहीं चलेगा।

मोदी ने कहा, “आतंक का फन कुचलने की यही नीति है, यही रीति है। यही भारत है, नया भारत है। ये शोध-प्रतिशोध का खेल नहीं, ये न्याय का नया स्वरूप है। ये सिर्फ आक्रोश नहीं है, ये समग्र भारत का रौद्र रूप है, ये भारत का नया स्वरूप है। पहले घर में घुसकर किया था वार, अब सीधा सीने पर किया प्रहार है।”

पीएम मोदी के इस बयान से स्पष्ट है कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति में अधिक आक्रामक और निर्णायक हो गया है। क्या आपको लगता है कि यह नीति भविष्य में आतंकवाद को प्रभावी ढंग से रोकने में सफल रहेगी?