IMDIMD
Spread the love

By: Ravindra Singh

IMD : उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और ओडिशा सहित देश के कई राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा तटों के पास बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसूनी गतिविधियों में तेजी आई है।

मौसम विभाग ने देश के मैदानी इलाकों से लेकर पूर्वोत्तर के पहाड़ी राज्यों तक कई स्थानों पर बिजली चमकने, आंधी-तूफान और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है।

मध्य भारत और पूर्वी राज्यों में मूसलाधार बारिश के आसार

IMD मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, झारखंड और बिहार में बारिश का दौर जारी रहेगा। ओडिशा में 28 से 31 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

इसके अलावा, बिहार और झारखंड में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। पूर्वी भारत के तटीय इलाकों में भी 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है।

पूर्वोत्तर और पहाड़ी इलाकों में अलर्ट, बिजली गिरने की आशंका

IMD उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पूर्वोत्तर के राज्यों (असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा) में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जिसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन और निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर में ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज

IMD राजधानी दिल्ली और नोएडा सहित पूरे एनसीआर में शनिवार और रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35°C से 37°C और न्यूनतम तापमान 25°C से 27°C के आसपास दर्ज किया जा सकता है।

शाम और रात के समय हल्की हवाएं चलने से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

ये भी पढ़े: शेखपुरा में दिखा राजनीतिक सौहार्द: जदयू जिलाध्यक्ष रेणु सिंह ने लोजपा (रा) जिलाध्यक्ष इमाम गजाली को बांधी राखी