NeemuchNeemuch
Spread the love

रिपोर्टर: सागर दीक्षित

Neemuch : खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग और कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में होटल, रेस्टोरेंट और रिसॉर्ट्स के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 17 और 18 सितंबर को खाद्य सुरक्षा टीम ने कई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान भारी अनियमितताएँ और अस्वास्थ्यकर स्थितियाँ सामने आईं, जिसके बाद एक प्रतिष्ठान पर प्रकरण दर्ज किया गया और तीन अन्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

जैनी फूड में एक्सपायरी और दूषित सामग्री नष्ट, भोपाल भेजी गई सैंपल रिपोर्ट

Neemuch 18 सितंबर को एलआईसी रोड स्थित जैनी फूड के निरीक्षण के दौरान बिना निर्माण व एक्सपायरी तिथि वाले पाव और बर्गर के 32 पैकेट बरामद हुए, जिनमें से कई पैकेट चूहों द्वारा कुतरे गए थे। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने इस सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मामला दर्ज किया। इसके अलावा, मधुवन और कालिका बेकरी के ब्रेड व पिज्जा पैकेट पर लेबलिंग संबंधी जानकारी अधूरी पाए जाने पर नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।

गंदगी और अधूरे दस्तावेजों के कारण तीन प्रमुख रेस्टोरेंट को नोटिस

Neemuch जांच के दौरान अम्बेडकर रोड स्थित ‘द हॉलीफूड कैफे-इन रेस्ट्रो’, ‘माधवम कैफे एंड रेस्टोरेंट’ और ‘राजभोज थाली एवं फैमिली रेस्टोरेंट’ में गंभीर लापरवाही पाई गई। इन प्रतिष्ठानों के किचन में भारी गंदगी, जल निकासी की बदहाल व्यवस्था, दीवारों का उखड़ा प्लास्टर और खुले डस्टबिन मिले। इसके साथ ही संचालक कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड और पानी की जांच रिपोर्ट जैसे अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत करने में विफल रहे।

अधिकारियों ने धारा 32 के तहत की कार्रवाई, जारी रहेगा निरीक्षण अभियान

Neemuch दस्तावेजों और साफ-सफाई में पाई गई कमियों को लेकर खाद्य सुरक्षा टीम ने तीनों रेस्टोरेंट संचालकों—नकुल कुमार वर्मा, माधवम कैफे संचालक और विक्रम शर्मा को धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि भोपाल प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जिले में अस्वास्थ्यकर स्थिति में चल रहे खान-पान के केंद्रों पर आगे भी छापेमारी जारी रहेगी।

ये भी पढ़े: सुपौल: श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन उमड़ा जनसैलाब, धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव