रिपोर्टर: आकाश कुमार
Shahdol : शहडोल जिले के बुढ़ार क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को तीन सदस्यीय विशेष टीम ने औचक निरीक्षण करते हुए नियमों का उल्लंघन कर रहे दो क्लिनिकों को सील कर दिया। जांच के दौरान एक्सपायरी दवाएं बरामद होने के साथ-साथ फर्जी पंजीयन और बिना अनुमति मरीजों को भर्ती कर इलाज करने के गंभीर मामले सामने आए हैं।
रिटायर्ड डॉक्टर के कंसल्टेंसी क्लिनिक में मिलीं मियाद पार दवाएं
Shahdol कार्रवाई की शुरुआत हीरा कॉलोनी स्थित एक रिटायर्ड शासकीय चिकित्सक, डॉ. के.एन. गुप्ता के क्लिनिक से हुई। निरीक्षण में पाया गया कि क्लिनिक का पंजीयन केवल ‘कंसल्टेंसी’ (परामर्श) के लिए था, लेकिन वहां मरीजों को दवाएं देकर बाकायदा एलोपैथिक इलाज दिया जा रहा था। इतना ही नहीं, जांच टीम को मौके से बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड (अमानक) दवाएं मिलीं, जिन्हें तत्काल प्रभाव से जब्त कर क्लिनिक को सील कर दिया गया।
फिजियोथैरेपिस्ट चला रहा था अस्पताल, फर्जी नाम पर मरीजों को ड्रिप
Shahdol दूसरी कार्रवाई खैराहा रोड स्थित सरईकापा के अभयराज हॉस्पिटल पर हुई। यहाँ संचालक डॉ. अभयराज के पास केवल बीपीटी (बैचलर ऑफ फिजियोथैरेपी) की डिग्री थी, लेकिन वे किसी अन्य डॉक्टर के नाम और पंजीयन का उपयोग कर मरीजों को भर्ती कर एलोपैथिक इलाज दे रहे थे। टीम को निरीक्षण के दौरान कई मरीज बेड पर मिले, जिन्हें ड्रिप लगी हुई थी। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर इस क्लिनिक को भी सील कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने की कड़ी कार्रवाई
Shahdol यह कार्रवाई मुख्य रूप से तीन सदस्यीय टीम द्वारा अंजाम दी गई, जिसमें DHO-1 डॉ. आर.के. शुक्ला, DIO डॉ. अंशुमान सुनारे तथा बुढ़ार BMO डॉ. सचिन कारखुर शामिल थे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस या निर्धारित मानकों के विपरीत चल रहे सभी चिकित्सा संस्थानों पर आगे भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़े: विदाई से पहले फिर बदला मौसम, 4 दिन बारिश के आसार; कई बांधों के गेट खुले

