रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल
Morena : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक रिटायर्ड फौजी के घर दिनदहाड़े करीब एक करोड़ रुपये की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित परिवार ने किसी बाहरी चोर पर नहीं, बल्कि अपने ही उन रिश्तेदारों पर चोरी का आरोप लगाया है जो घर में भतीजे की सगाई का रिश्ता तय करने आए थे। चोरों ने सोने-चांदी के भारी जेवरात और नकदी के साथ-साथ फौजी की लाइसेंसी रायफल और कारतूस पर भी हाथ साफ कर दिया।
Morena सगाई की बातचीत के बहाने आए थे मेहमान, साथ में था एक ‘तांत्रिक’
यह पूरी घटना देवगढ़ थाना क्षेत्र के नंदपुरा गांव की है, जहां सेना से सेवानिवृत्त विष्णु सिंह सिकरवार का परिवार रहता है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे उनके भतीजे राघवेंद्र की सगाई की बातचीत के सिलसिले में भिंड और गोले की गढ़ी गांव से कुछ रिश्तेदार उनके घर पहुंचे थे। इन मेहमानों के साथ एक तांत्रिक भी आया हुआ था। दोपहर 3 बजे तक सभी लोग घर के मुख्य कमरे में बैठकर आराम से बातचीत करते रहे और शाम होते ही मेहमान वापस लौट गए।
Morena मेहमानों के जाते ही खुला राज: 50 तोला सोना, नकदी और लाइसेंसी हथियार गायब
रिश्तेदारों के जाने के बाद जब परिवार के सदस्य अंदर के कमरे में गए, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे लगभग 50 तोला सोने के आभूषण, आधा किलो चांदी, 2 लाख 15 हजार रुपये की नकदी, 315 बोर की लाइसेंसी रायफल और 50 जिंदा कारतूस गायब थे। पीड़ित फौजी का आरोप है कि साथ आए तांत्रिक ने तंत्र-विद्या के बल पर पूरे परिवार को सम्मोहित (Hypnotize) कर दिया था, जिसके कारण किसी को अलमारी टूटने की भनक तक नहीं लगी।
Morena पुलिस ने गठित कीं तीन विशेष टीमें, आधा दर्जन संदिग्ध हिरासत में
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जौरा एसडीओपी एनआरएस बघेल ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन अलग-अलग विशेष टीमें बनाई हैं। इनमें से एक टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी है, दूसरी टेक्निकल टीम सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन खंगाल रही है, और तीसरी टीम पुराने अपराधियों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने बागचीनी क्षेत्र से आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद जताई है।
ये भी पढ़े: Lucknow के सहारा शहर की जमीन पर आकार लेगा नया विधानभवन कॉम्प्लेक्स, LDA ने शुरू की टेंडर प्रक्रिया

