रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : श्रमिकों के हितों की रक्षा और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ सीटू (CITU) के आह्वान पर नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले तीन दिवसीय ‘घेरा डालो, डेरा डालो’ महापड़ाव में भाग लेने के लिए जामताड़ा से 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रवाना हो गया है। यह आंदोलन 1 से 3 दिसंबर तक चलेगा। जामताड़ा स्थित कार्यालय से सीटू की राज्य कमेटी के सदस्य और पश्चिम संथाल परगना क्षेत्रीय समन्वय समिति के सचिव लखन लाल मंडल की अगुवाई में यह जत्था दिल्ली के लिए कूच कर गया।
आठ सूत्री मांगों को लेकर बुलंद होगी आवाज
Jamtara आंदोलन के दौरान मजदूरों से जुड़ी आठ प्रमुख मांगों को जोरदार तरीके से उठाया जाएगा। इनमें कथित रूप से मजदूर-विरोधी चारों लेबर कोड को वापस लेने, कामगारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सरकारी विभागों में खाली पदों पर स्थायी नियुक्तियां करने और ठेका प्रथा को खत्म करने जैसी मांगें प्रमुख हैं।
न्यूनतम वेतन, पेंशन और काम की गारंटी भी एजेंडे में
Jamtara सीटू की मांगों में ग्रामीण कामगारों के लिए साल में कम से कम 125 दिन रोजगार की गारंटी, प्रतिमाह 42 हजार रुपये न्यूनतम मजदूरी तय करने और 21 हजार रुपये मासिक पेंशन देने का मुद्दा भी शामिल है। संगठन का मानना है कि केंद्र की वर्तमान नीतियों ने श्रमिकों की स्थिति को प्रभावित किया है, जिससे मजदूरों में नाराजगी बढ़ रही है और इसी को राष्ट्रीय स्तर पर मुखर करने के लिए रामलीला मैदान में जुटान किया जा रहा है।
लखन लाल मंडल के नेतृत्व में शामिल होगा प्रतिनिधिमंडल
Jamtara जामताड़ा से निकला यह 12 सदस्यीय जत्था दिल्ली पहुंचकर महापड़ाव में शामिल होगा और श्रमिकों की मांगों को मजबूती से रखेगा। कार्यकर्ताओं का कहना है कि मजदूरों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई को और तेज करने के लिए यह प्रदर्शन अहम साबित होगा।
ये भी पढ़े: मुरैना के बानमोर में किराना दुकान में लगी भीषण आग, फ्रिज ब्लास्ट से पिता-पुत्र झुलसे




