BhopalBhopal
Spread the love

रिपोर्टर: रंजीत सिंह

Bhopal : मध्य प्रदेश कांग्रेस अब संगठन को केवल कागजी कमेटियों तक सीमित न रखते हुए जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की नई रणनीति पर काम कर रही है। भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई विधानसभा प्रभारियों की कार्यशाला में प्रभारी हरीश चौधरी और पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संगठन की समीक्षा की। बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि अब जमीनी कामकाज के आधार पर ही नेताओं का मूल्यांकन होगा और निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।

विधानसभा प्रभारियों की तय होगी जवाबदेही

Bhopal हरीश चौधरी और जीतू पटवारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। नेतृत्व ने साफ किया कि विधानसभा प्रभारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों का हिसाब लिया जाएगा और जहां कामकाज धीमा है, वहां संगठन को दोबारा सक्रिय किया जाएगा। साथ ही उत्प्रेरक समूह (Catalyst Group) की गतिविधियों को और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने पर भी चर्चा हुई।

निष्क्रिय नेताओं की छंटनी और अधूरी नियुक्तियों पर फोकस

Bhopal बैठक में कार्यशैली में बदलाव को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। जिन क्षेत्रों में ग्राम पंचायत, मंडल या ब्लॉक कमेटियों की नियुक्तियां अभी अधूरी हैं, उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, बीते आंदोलनों और कार्यक्रमों में नेताओं व कार्यकर्ताओं की भागीदारी की भी समीक्षा होगी। जो पदाधिकारी केवल पद संभाले हुए हैं और जमीन पर सक्रिय नहीं हैं, उनकी पहचान कर सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाने की तैयारी है।

जनमुद्दों पर धारदार विपक्ष की तैयारी

Bhopal पार्टी का मानना है कि जमीनी नेटवर्क को सशक्त किए बिना बड़ी चुनावी या राजनीतिक चुनौती का सामना नहीं किया जा सकता। इसी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और प्रदेश में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए आगामी आंदोलनों व कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर रही है।

ये भी पढ़े: मुरैना में NH-44 पर नहर में समाई गाजर से भरी मैक्स लोडिंग, कूदकर बची चालक और क्लीनर की जान