SupaulSupaul
Spread the love

रिपोर्टर: अजीत कुमार ठाकुर

Supaul : जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने निगरानी और सख्ती बढ़ाने का फैसला किया है। इसी कड़ी में शनिवार को उप विकास आयुक्त-सह-प्रभारी जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनसीओआरडी (NCORD) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों और प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा के साथ-साथ नशामुक्ति और जन-जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति का भी आकलन किया गया।

बॉर्डर इलाकों में कड़ी नजर और हॉट स्पॉट चिह्नित करने के आदेश

Supaul बैठक के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और तस्करी की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान बेहद जरूरी है। अधिकारियों को तस्करी के संभावित रूट और हॉट स्पॉट की पहचान कर वहां निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा संयुक्त अभियान चलाने को कहा गया।

युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान पर जोर

Supaul प्रशासन ने स्पष्ट किया कि केवल कार्रवाई ही काफी नहीं है, बल्कि नशे के नुकसान के प्रति समाज को जागरूक करना भी उतना ही आवश्यक है। बैठक में युवाओं और छात्रों के बीच नशामुक्ति अभियान को तेज करने तथा नशे के खिलाफ सकारात्मक वातावरण बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही विभागीय मासिक प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए कामकाज में गति लाने के निर्देश दिए गए।

एनसीबी और विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में रहे मौजूद

Supaul इस समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, वन प्रमंडल, शिक्षा विभाग, मद्यनिषेध विभाग, औषधि निरीक्षक, जनसंपर्क और सामान्य शाखा के अधिकारियों सहित सभी एसडीओ व एसडीपीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इसके अलावा पटना से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए।

ये भी पढ़े: मुरैना में ओवरटेक विवाद के बाद खूनी मारपीट, ग्वालियर में इलाज के दौरान युवक की मौत