MorenaMorena
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Morena : जिले के पहाड़गढ़ वन क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष निगरानी अभियान के तहत वन अमले को बड़ी सफलता मिली है। नवलपुरा बीट के जंगलों में गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने शिकार की मंशा से घूम रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से दो देशी टोपीदार बंदूकें और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जबकि दो अन्य आरोपी घने जंगलों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

गश्त के दौरान गूंजी गोली की आवाज, घेराबंदी कर दो को पकड़ा

Morena घटना 16 सितंबर 2026 की है, जब नवलपुरा बीट में वन विभाग की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान वनकर्मियों को लावारिस हालत में दो बाइकें दिखीं और कुछ ही देर में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। टीम ने तत्परता दिखाते हुए आवाज की दिशा में घेराबंदी की, जहां चार लोग हाथों में बंदूकें लिए नजर आए। वनकर्मियों को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा करके दो को दबोच लिया।

वन्यजीव पर चलाया था निशाना, कोर्ट के आदेश पर भेजे गए जेल

Morena पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने शिकार के इरादे से जंगल में प्रवेश करने की बात स्वीकार की। उन्होंने एक वन्यजीव पर गोली चलाई थी, हालांकि निशाना चूक जाने से बेजुबान जीव की जान बच गई। वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को 17 सितंबर 2026 को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

फरार तस्करों की तलाश तेज, अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

Morena यह पूरी कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक ग्वालियर और डीएफओ मुरैना के निर्देशन में उप वनमंडलाधिकारी आकाश तोमर एवं परिक्षेत्र अधिकारी बक्केलाल कुशवाह की टीम द्वारा अंजाम दी गई। वन विभाग अब फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रहा है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि जंगलों में अवैध शिकार और घुसपैठ रोकने के लिए गश्त अभियान आगे भी इसी मुस्तैदी के साथ जारी रहेगा।

ये भी पढ़े: जन विश्वास शिविर में उठी बच्ची की मांग लाई रंग: कुराना गांव को मिली अपनी पहली लाइब्रेरी, खुशबू ने काटा फीता