रिपोर्टर: अजय कुमार
Shivpuri : जिले के पिछोर थाना अंतर्गत लव मैरिज करने के बाद गांव पहुंचे एक नवविवाहित जोड़े के साथ परिजनों द्वारा सरेराह अभद्रता और मारपीट का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। घटना पिछोर-चंदेरी मार्ग की है, जहां युवती को जबरन कार में खींचने और उसके पति पर हमला करने का दृश्य कैमरे में कैद हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
इंदौर में नौकरी के दौरान हुई थी पहचान, परिजनों के बुलावे पर आए थे गांव
Shivpuri जानकारी के मुताबिक, गजौरा निवासी चंदा लोधी इंदौर में रहकर नौकरी करती थी, जहां उसकी मुलाकात पश्चिम बंगाल निवासी लालू बैरा से हुई। समय के साथ दोनों के बीच प्रेम पनपा और उन्होंने विवाह कर लिया। युवती के गायब होने पर परिजनों ने इंदौर में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद परिजनों ने दोनों को बातचीत का झांसा देकर गांव बुलाया था, लेकिन गांव पहुंचते ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सड़क पर युवती को घसीटने का प्रयास, पति के साथ की गई हाथापाई
Shivpuri गुरुवार को जब नवदंपती वहां से निकलने लगे, तो परिजनों ने उन्हें पिछोर-चंदेरी रोड पर घेर लिया। आरोप है कि परिजन युवती को जबरन अपने साथ ले जाना चाहते थे और पति को अकेले भगा रहे थे। विरोध करने पर युवती को खींचने की कोशिश की गई और जब पति ने बीच-बचाव किया तो उसके साथ मारपीट की गई। राहगीरों द्वारा बनाए गए वीडियो में पूरी घटना स्पष्ट नजर आ रही है।
पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लिया, इंदौर पुलिस के सामने बयान दर्ज कराने के निर्देश
Shivpuri सड़क पर हंगामे की सूचना मिलते ही पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार के अनुसार, चूंकि युवती की गुमशुदगी का केस इंदौर में दर्ज है और दोनों पति-पत्नी बालिग हैं, इसलिए उन्हें अग्रिम कार्रवाई व बयान हेतु इंदौर पुलिस के समक्ष प्रस्तुत होने के निर्देश दिए गए हैं।

