रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल
Morena : ओवरटेक को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की जान चली गई। आरोप है कि नशे में सवार तीन बाइक सवार युवकों ने ओवरटेक के दौरान कट मारा और विरोध करने पर बेल्ट व ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने ग्वालियर में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सरबजीत का पुरा (वार्ड क्रमांक 35) निवासी प्रदीप जाटव के रूप में हुई है।

वीआईपी रोड पर कट मारने से शुरू हुआ विवाद, ईंट के वार से बेहोश हुआ युवक
Morena मिली जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर की शाम प्रदीप अपने चचेरे भाई आकाश जाटव के साथ बाइक से वैरियर चौराहे की ओर जा रहे थे। वीआईपी रोड पर प्रेम प्रकाश प्लाजा के समीप पीछे से तेज गति से आई बाइक पर सवार तीन युवकों ने ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को कट मारा। जब प्रदीप और आकाश ने इस पर आपत्ति जताई, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और बेल्टों से मारपीट करने लगे।
इसी बीच एक हमलावर ने पीछे से प्रदीप के सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ा। घटना के बाद तीनों आरोपी भाग निकले। पुलिस ने घायल प्रदीप को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां स्थिति बिगड़ने पर उसे ग्वालियर रेफर किया गया। शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद भड़का आक्रोश, एसपी कार्यालय का घेराव
Morena प्रदीप के निधन की सूचना मिलते ही परिवार और समाज के लोगों में गुस्सा भड़क गया। आक्रोशित परिजनों ने कांग्रेस और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के साथ एसपी ऑफिस पहुंचकर प्रदर्शन और घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों पर हत्या की धाराएं लगाकर त्वरित गिरफ्तारी की मांग की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, सख्त कार्रवाई के निर्देश
Morena मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कोतवाली थाना प्रभारी को उचित और त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए हैं। फिलहाल कोतवाली पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
ये भी पढ़े: औरंगाबाद के दाउदनगर में पटना कैनाल से बरामद हुआ लापता युवक का शव, इलाके में मची सनसनी





