Spread the love

इंदौर। नगर निगम में शनिवार को आयोजित महापौर परिषद (एमआइसी) की बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर के दूसरे स्थान पर आने का मुद्दा छाया रहा। हमेशा नंबर वन रहने वाले शहर को इस बार दूसरा स्थान मिलने पर एमआइसी सदस्य राजेश उदावत ने सवाल उठाए। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए नियुक्त कंसल्टेंट की भूमिका पर भी चिंता जताई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि जोड़ीदार के रूप में भले ही इंदौर दूसरे स्थान पर रहा हो, लेकिन कुल अंकों के मामले में शहर सबसे आगे है। बैठक में शहर के विकास और पेयजल व्यवस्था से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। नगर निगम परिषद का सम्मेलन 8 दिसंबर को आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया।

स्वच्छता रैंकिंग और कंसल्टेंट की भूमिका पर सवाल

स्वच्छता सर्वेक्षण में देपालपुर के साथ जोड़ीदार के रूप में शामिल होने के बाद इंदौर को दूसरा स्थान मिला है। इसको लेकर नगर निगम में बाहरी कंसल्टेंसी एजेंसी की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। एमआइसी सदस्य राजेश उदावत ने बैठक में यह मुद्दा उठाया।

इससे पहले भी कंसल्टेंट की नियुक्ति को लेकर शिकायत सामने आई थी। आरोप लगाया गया था कि निगम में नियुक्त एक कंसल्टेंट को अलीराजपुर में सरकारी फंड से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में पूर्व कलेक्टर और अन्य अधिकारियों के साथ सजा मिल चुकी है। इसी मुद्दे को लेकर निगम की कार्यप्रणाली और कंसल्टेंट की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

मंत्री विजय शाह और जूपीटर अस्पताल ने मांगी संपत्तिकर में राहत

बैठक में दो संपत्तिधारकों की ओर से संपत्तिकर में राहत देने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें प्रदेश के मंत्री विजय शाह और जूपीटर अस्पताल शामिल हैं। दोनों पक्षों ने नगर निगम की ओर से निर्धारित संपत्तिकर को अनुचित बताते हुए राहत की मांग की।

दोनों संपत्तिधारकों के वकील एमआइसी के सामने पहुंचे और अपने आवेदन निगम आयुक्त को सौंपे। हालांकि, संपत्तिकर में छूट को लेकर बैठक में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया। एमआइसी सदस्यों के अनुसार, नियमानुसार अंतिम निर्धारण से पहले अपील करने वाले संपत्तिधारकों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाना जरूरी है। इसी प्रक्रिया के तहत वकीलों की बात सुनी गई। आगे नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।

पेयजल व्यवस्था के लिए 300 नए बोरिंग और 33 टैंकर होंगे

शहर में पेयजल आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए एमआइसी ने 300 नए बोरिंग कराने, मोटर सहित 100 नलकूप स्थापित करने और 33 नए पानी के टैंकर खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। अतिरिक्त पेयजल सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न कार्यों की निविदाएं जारी करने की अनुमति भी दी गई।

इसके अलावा नागरिकों को उपचारित जल उपलब्ध कराने के लिए इंदौर 311 एप पर आवेदन की सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। इच्छुक नागरिक एप के माध्यम से आवेदन कर निर्धारित शुल्क का भुगतान कर सकेंगे। इसके बाद उनके घर तक उपचारित पानी पहुंचाया जाएगा।

कचरा संग्रहण और ग्रीन वेस्ट मैनेजमेंट पर भी फैसला

एमआइसी ने शुल्क आधारित मांग पर कचरा संग्रहण व्यवस्था संचालित करने के लिए एजेंसी निर्धारित करने संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। शहर में ग्रीन वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को प्रभावी बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई।

300 से अधिक दिव्यांगजनों की भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि नगर निगम में दिव्यांगजनों की भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। शासन से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद नियमानुसार भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इसके माध्यम से पहले से नियमानुसार चयनित 300 से अधिक दिव्यांगजनों को नगर निगम में सेवाएं देने का अवसर मिल सकेगा।

बैठक में निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित महापौर परिषद के सदस्य राजेंद्र राठौर, निरंजन सिंह चौहान गुड्डू, अश्विनी शुक्ल, नंदकिशोर पहाड़िया, अभिषेक शर्मा, राकेश जैन, राजेश उदावत और मनीष शर्मा ‘मामा’ सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे।