MorenaMorena
Spread the love

रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल

Morena : करवा चौथ के पावन पर्व पर मुरैना में घटे एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सिविल लाइन थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे स्थित गगरोन मंदिर के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीनों मजदूरों की जान चली गई, जिनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

काम निपटाकर घर लौटते समय हुआ हादसा

Morena मृतकों की पहचान हिंगोना कला निवासी कल्लू माहौर (31), उनके छोटे भाई गोपी माहौर (18) और गाँव के ही प्रकाश माहौर (50) के रूप में हुई है। तीनों मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। गुरुवार को मुरैना शहर में दिनभर मजदूरी करने के बाद तीनों एक ही मोटरसाइकिल से अपने गाँव लौट रहे थे। इसी दौरान गगरोन मंदिर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

दो की मौके पर ही मौत, तीसरे ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

Morena टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कल्लू और गोपी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँची और तीनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने प्रकाश को भी मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद नेशनल हाईवे पर थोड़ी देर के लिए जाम लग गया, जिसे पुलिस ने सुचारू करवाया।

त्यौहार के दिन हिंगोना कला गाँव में पसरा सन्नाटा

Morena जहाँ पूरे देश में करवा चौथ की खुशियाँ मनाई जा रही थीं, वहीं हिंगोना कला गाँव में तीन चिराग बुझने से मातम पसर गया। दो सगे भाइयों की एक साथ मौत से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

ये भी पढ़े: Shivraj Singh Chauhan: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता काशी बाई का निधन,