LakhisaraiLakhisarai
Spread the love

रिपोर्टर: रंजीत कुमार

Lakhisarai : बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध इन्द्र दमनेश्वर (अशोक धाम) महादेव मंदिर में सोमवार की सुबह एक भीषण हादसा हो गया। सावन मास के तीसरे सोमवार पर जलाभिषेक के लिए जुटी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अचानक मची भगदड़ में सात महिला श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत स्थानीय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

Lakhisarai रेलवे हाल्ट पर मची भाग-दौड़ और करंट फैलने की अफवाह से बिगड़े हालात

जिला प्रशासन के अनुसार, हादसा सुबह लगभग 6:45 बजे हुआ। अशोक धाम हाल्ट के पास एक ही समय में दो दिशाओं से ट्रेनें आ गईं। ट्रेन पकड़ने की होड़ में कुछ युवकों की जल्दबाजी के कारण पास स्थित बिजली का एक पोल नीचे गिर गया। पोल गिरते ही वहां मौजूद लोगों के बीच करंट फैलने की झूठी अफवाह उड़ गई। हालांकि, उस समय बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद थी और तार भी कवर्ड थे, लेकिन करंट की अफवाह से श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे और इसी आपाधापी में कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिरते चले गए।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक, 4-4 लाख के मुआवजे का ऐलान

इस दुखद घटना पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि (मुआवजा) देने की घोषणा की है। साथ ही, उन्होंने प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के सख्त निर्देश दिए हैं।

घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश, ऐतिहासिक महत्व रखता है अशोक धाम

प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। लखीसराय का अशोक धाम मंदिर धार्मिक आस्था का एक प्रमुख केंद्र है, जहां वर्ष 1977 में पालकालीन विशाल शिवलिंग प्राप्त हुआ था। सावन के महीने में यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए आते हैं। प्रशासन अब सुरक्षा मानकों की समीक्षा कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो।

ये भी पढ़े: पश्चिम बंगाल: बीरभूम के तारापीठ में होटल में भीषण अग्निकांड, 7 श्रद्धालुओं की झुलसकर मौत, कई गंभीर

You missed