रिपोर्टर: शिवम तिवारी
Datia : मध्य प्रदेश के दतिया जिले में अपराधियों और बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत 29 बटालियन के पास शराब के लिए पैसे न देने पर एक युवक ने स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ कार्यालय में पदस्थ अकाउंटेंट के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना में पीड़ित को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।
29 बटालियन के पास की घटना, गंभीर चोटें आईं
Datia प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित 38 वर्षीय अजय गुप्ता (डेम) पुत्र सुभाष चंद्र गुप्ता गहोई कॉलोनी दतिया के रहने वाले हैं और वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ कार्यालय में अकाउंटेंट के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। घटना के दिन आरोपी नरेंद्र साहू, जो कि चुनगर फाटक का निवासी है, ने अजय गुप्ता को रास्ते में रोककर शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। जब पीड़ित ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने गुस्से में आकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी भी दी। इस हमले में फरियादी को शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
आरोपी नरेंद्र साहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
Datia घटना के तुरंत बाद पीड़ित अजय गुप्ता ने कोतवाली थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए आरोपी नरेंद्र साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना, सुरक्षा पर उठे सवाल
Datia खास बात यह है कि सीएमएचओ कार्यालय के इस अकाउंटेंट के साथ पूर्व में भी मारपीट की ऐसी घटनाएं घटित हो चुकी हैं। इस तरह की वारदातों के बार-बार सामने आने से सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। बहरहाल, पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाया जा सके।
ये भी पढ़े: बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता: जंगल से नक्सलियों का छिपा हुआ डंप बरामद, 50 BGL सेल जब्त

