रिपोर्टर: शिवम तिवारी
Datia : मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच के निर्देशों के अनुपालन में पीताम्बरा पीठ परिसर में जारी निर्माण कार्यों की अब विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी जांच की जाएगी। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए चार सदस्यीय जांच दल का गठन किया है। प्रशासन ने इस समिति को आगामी सात दिनों के भीतर अपनी संयुक्त जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का समय दिया है।

हाईकोर्ट के निर्देश पर प्रशासन की कार्रवाई
Datia यह पूरा मामला ग्वालियर हाईकोर्ट में दायर याचिका (WP No. 46576/2026, रामगुलाम गुप्ता बनाम मध्यप्रदेश शासन) से जुड़ा है, जिस पर 16 नवंबर 2026 को सुनवाई करते हुए न्यायालय ने आदेश दिया था। अदालत ने कहा था कि यह परखा जाना आवश्यक है कि चल रहा निर्माण कार्य सिविल इंजीनियरिंग के तय मानकों के अनुसार हो रहा है या नहीं, और इसके लिए स्वतंत्र तकनीकी राय ली जानी चाहिए। इसी न्यायिक आदेश का पालन करते हुए कलेक्टर ने 17 नवंबर को जांच समिति गठित करने की कार्रवाई की।
समिति में शामिल अधिकारी
Datia गठित की गई चार सदस्यीय जांच समिति की अध्यक्षता लोक निर्माण विभाग (संभाग दतिया) के कार्यपालन यंत्री को सौंपी गई है। उनके साथ सदस्य के रूप में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा दतिया के कार्यपालन यंत्री, गृह निर्माण मण्डल एवं अधोसंरचना विकास दतिया के सहायक यंत्री तथा नगर पालिका परिषद दतिया के सहायक यंत्री को शामिल किया गया है।
किन पांच बिंदुओं पर होगी पड़ताल
Datia समिति को निर्माण कार्य से जुड़े पांच अहम तकनीकी पहलुओं की गहराई से पड़ताल करनी होगी। इसमें पहले हुए निर्माणाधीन ढांचे के गिरने के कारणों का विश्लेषण, पुरानी नींव पर नए निर्माण की उपयुक्तता, पुरानी राफ्ट के ऊपर नई राफ्ट डालने को लेकर दर्ज आपत्तियों की जांच, भूकंपीय सुरक्षा के लिहाज से भवन की मजबूती का आकलन और प्रस्तावित डिजाइन, ड्राइंग तथा निर्माण की गुणवत्ता की समीक्षा शामिल है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी तकनीकी बिंदुओं पर निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच पूरी कर निर्धारित सात दिन की समय-सीमा में रिपोर्ट जमा की जाए।
ये भी पढ़े: पेट पर बढ़ती चर्बी को न करें नजरअंदाज, मोटापे से बढ़ सकता है पैंक्रियाज कैंसर का खतरा, जानें डॉक्टर की राय

