BirbhumBirbhum
Spread the love

रिपोर्टर: ईशु प्रसाद

Birbhum : पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तारापीठ में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सोमवार तड़के एक चार मंजिला होटल में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में कम से कम सात लोगों की मौके पर ही झुलसने और दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त होटल में ठहरे ज्यादातर यात्री और श्रद्धालु सो रहे थे, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

Birbhum शॉर्ट सर्किट और एसी में ब्लास्ट से फैला धुआं, अलार्म नहीं बजने से बिगड़े हालात

शुरुआती जांच और चश्मदीदों के मुताबिक, सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच होटल के प्रथम तल पर स्थित रिसेप्शन के एयर कंडीशनर (एसी) में शॉर्ट सर्किट से आग भड़की। देखते ही देखते आग और दमघोंटू धुआं पूरी इमारत में फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि होटल में अग्निशमन सुरक्षा उपकरण होने के बावजूद ऐन वक्त पर फायर अलार्म नहीं बजा। धुएं के गुबार के कारण कमरों में सो रहे लोगों का दम घुटने लगा और बाहर निकलने का रास्ता न मिलने से अफरातफरी मच गई।

Birbhum रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 22 लोगों को सुरक्षित निकाला, होटल संचालक हिरासत में

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीढ़ियों की मदद से 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और 11 झुलसे हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया। बीरभूम जिले के पुलिस अधीक्षक विदित राज भुंडेश ने बताया कि मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और होटल संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मृतकों में मंदिर दर्शन करने आए तीर्थयात्री शामिल, जांच जारी

हादसे में जान गंवाने वालों में प्रसिद्ध तारापीठ काली मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आए तीर्थयात्री भी शामिल हैं। कोलकाता से आई एक महिला श्रद्धालु ने आपबीती बताते हुए कहा कि पूरे होटल में अचानक गहरा काला धुआं भर गया था, जिससे सांस लेना असंभव हो गया था। पुलिस और प्रशासन की टीमें फिलहाल घटना के सभी तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही हैं और अस्पतालों में भर्ती घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

ये भी पढ़े: अरका जैन यूनिवर्सिटी के ‘आरम्भ 2026’ में पहुंचे सुपर 30 के आनंद कुमार, कहा- पैकेज नहीं ज्ञान की भूख जगाएं

You missed