रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Korba : छत्तीसगढ़ के औद्योगिक शहर कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामसागरपारा में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ दो पक्षों के बीच हो रहे हिंसक झगड़े को शांत कराने पहुंचे एक निर्दोष युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस पूरी खूनी झड़प का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
Korba शांतिदूत बनकर गए रवि यादव पर टूटा कहर
मृतक की शिनाख्त स्थानीय निवासी रवि यादव के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामसागरपारा में कुछ युवकों के बीच हिंसक मारपीट हो रही थी। पड़ोस में रहने वाला रवि यादव इंसानियत के नाते वहां चल रहे विवाद को शांत कराने और बीच-बचाव करने पहुंचा था। लेकिन उपद्रवियों का गुस्सा रवि पर फूट पड़ा और एक आरोपी ने उसके सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वार इतना जोरदार था कि रवि लहूलुहान होकर वहीं सड़क पर गिर पड़ा।
Korba पुरानी रंजिश का बदला लेने पहुंचे थे हमलावर
घटना के पीछे पुरानी दुश्मनी की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले हुए किसी विवाद का प्रतिशोध लेने के लिए कुछ युवक लाठी-डंडों से लैस होकर एक स्थानीय व्यक्ति के घर पर हमला करने पहुंचे थे। जब वहां चीख-पुकार मची, तो मोहल्ले के लोग इकट्ठा होने लगे। इसी दौरान रवि ने उन्हें रोकने का प्रयास किया था। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि एक हमलावर हाथ में ईंट और दूसरा डंडा थामे हुए है। स्थानीय लोगों ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान हर्षित और महेंद्र गंगवानी के रूप में की है।
Korba अस्पताल में तोड़ा दम, दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
हमले के तुरंत बाद अचेत पड़े रवि यादव को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ आईसीयू में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। रवि की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरबा पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) लखन पटले ने बताया कि वायरल वीडियो और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर मुख्य भूमिका निभाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में शामिल अन्य संदिग्धों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

