रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Raipur : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा थाना अंतर्गत मंधाईपुर गाँव में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ शराब पीने के लिए पैसे न देने पर एक रसूखदार बदमाश ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में गाँव का रहने वाला जीवन लाल यादव उर्फ नंदू गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। आरोपी अरुण सायतोडे वारदात को अंजाम देने के बाद से ही फरार है।
Raipur बड़े भाई से शुरू हुआ था विवाद
घटना की पृष्ठभूमि कुछ दिन पुरानी बताई जा रही है। आरोपी अरुण सायतोडे ने सबसे पहले घायल जीवन लाल के बड़े भाई को रोककर शराब के लिए रुपयों की मांग की थी। जब उसने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो तैश में आकर आरोपी ने लोहे की चेन से उसका गला घोंटने का प्रयास किया था। इस घटना के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
Raipur भाई की तलाश में निकला और छोटे भाई को घोंपा चाकू
परिजनों के अनुसार, बीते दिन आरोपी अरुण सायतोडे फिर से बड़े भाई को सबक सिखाने की नीयत से उसकी तलाश में निकला था। रास्ते में उसे बड़ा भाई तो नहीं मिला, लेकिन उसका छोटा भाई जीवन लाल यादव मिल गया। पुराने विवाद की खुन्नस में आरोपी ने आव देखा न ताव और जीवन लाल पर चाकू से कई वार कर दिए।
चाकू जीवन लाल के सीने में जा धंसा, जिससे उसके फेफड़ों और अंदरूनी अंगों में गंभीर चोटें आई हैं। उसे लहूलुहान हालत में तुरंत खरोरा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आईसीयू (ICU) में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा है।
Raipur पुलिस की कार्यप्रणाली पर भड़के ग्रामीण और परिजन
इस मामले में खरोरा थाना पुलिस की भूमिका को लेकर स्थानीय निवासियों और पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि इतना गंभीर और जानलेवा हमला होने के बावजूद पुलिस ने आरोपी को बचाने के लिए बेहद कमजोर और हल्की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी अरुण का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, फिर भी पुलिस उसके खिलाफ ढुलमुल रवैया अपना रही है। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। फिलहाल, पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।

