रिपोर्टर: प्रेम श्रीवास्तव
Kharagpur : पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदनीपुर (खड़गपुर) स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा नानकसर चंद्रकोणा के प्रबंधन को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। गुरदीप सिंह दीपा को सर्वसम्मति से गुरुद्वारा साहेब का नया प्रधान चुना गया है। शुक्रवार को रक्खड़ पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित विशेष दीवान में उपस्थित संगत और विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों ने इस फैसले पर अपनी मुहर लगाई।
इस दौरान स्थानीय विधायक सुकंतो दलाई, स्थानीय भाजपा जिलाध्यक्ष शिबु चक्रवर्ती और तख्त श्री हरिमंदिर साहेब के महासचिव इंद्रजीत सिंह सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने नए प्रधान को सम्मानित किया।
तीन राज्यों की संगत ने सर्वसम्मति से लिया फैसला
Kharagpur खड़गपुर के खरीदा व चंद्रकोणा गुरुद्वारा के निवर्तमान प्रधान इंद्रजीत सिंह सग्गू ने इस प्रस्ताव को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए गुरदीप सिंह को नया प्रधान घोषित किया। सग्गू ने विश्वास दिलाया कि उनकी टीम चंद्रकोणा के ढांचागत विकास के लिए नए प्रधान के हर निर्णय में साथ खड़ी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि लगभग चार महीने पहले गठित कमेटी के तहत खड़गपुर गुरुद्वारा के प्रमुख ही चंद्रकोणा की देखरेख करते थे। हालांकि, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और गुरु घर के विस्तार को ध्यान में रखते हुए झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल की संगत ने यह बदलाव किया।
तीर्थयात्रियों की सुविधाओं और विकास पर रहेगा जोर
Kharagpur नवनिर्वाचित प्रधान गुरदीप सिंह दीपा ने संगत का आभार व्यक्त करते हुए प्रतिबद्धता जताई कि चंद्रकोणा गुरुद्वारा परिसर में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उनका मुख्य उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर इंतजाम करना है ताकि किसी को कोई असुविधा न हो।
कार्यक्रम में जमशेदपुर की सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के प्रधान भगवान सिंह और महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला ने भी नए प्रधान को बधाई दी और जमशेदपुर संगत की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
15वीं शताब्दी से जुड़ा है गुरुद्वारा का ऐतिहासिक महत्व
Kharagpur धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सिख धर्म के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी अपनी पहली उदासी (यात्रा) के दौरान 15वीं शताब्दी में चंद्रकोणा आए थे। उन्होंने यहां के स्थानीय राजा को आशीर्वाद दिया था, जिसके बाद राजा ने इस पवित्र स्थान पर गुरुद्वारा साहेब का निर्माण करवाया था।
इस विशेष आयोजन में धनबाद, आसनसोल, कोलकाता, रानीगंज, चास और खड़गपुर समेत कई क्षेत्रों के सिख प्रतिनिधि व प्रमुख हस्तियां बड़ी संख्या में शामिल हुईं।
ये भी पढ़े: महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था होगी मजबूत: शेखपुरा पुलिस बेड़े में शामिल हुए नए दोपहिया वाहन

