Gumla Simdega Double Murder:झारखंड के गुमला जिले से दो महिलाओं की हत्या का एक चौंकाने वाला प्रकरण सामने आया है, जिसमें दोनों पीड़ित महिलाओं के पति आपस में सगे भाई हैं। आरोप है कि दोनों ने अपनी पत्नियों की हत्या करने के बाद शवों को सिमडेगा जिले के बीरू जंगल में जमीन के नीचे दफना दिया। बुधवार शाम गुमला और सिमडेगा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में जंगल से दोनों शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मृतिकाओं की पहचान और पारिवारिक विवाद
Gumla Simdega Double Murder: मृत महिलाओं की शिनाख्त गुमला के विंध्याचल नगर नदी टोली की रहने वाली 28 वर्षीय मिनी प्रिया और 20 वर्षीय राधिका कुमारी के रूप में की गई है। मिनी प्रिया का विवाह शिव शंकर साहू से हुआ था, जबकि राधिका कुमारी नवीन साहू की पत्नी थी। दोनों आरोपी सगे भाई हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों जोड़ों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण दोनों पक्षों के परिवारों में तनाव व्याप्त था।
सुलह के बाद घर लौटे, फिर संपर्क टूटा
Gumla Simdega Double Murder: पुलिस के मुताबिक, शनिवार को कुछ लोगों की मौजूदगी में दोनों दंपतियों के बीच समझौता कराया गया था, जिसके बाद दोनों भाई अपनी-अपनी पत्नियों को साथ लेकर घर चले गए। सोमवार सुबह लगभग 9 बजे परिजनों की दोनों महिलाओं से फोन पर बातचीत हुई थी, लेकिन उसके बाद उनका संपर्क टूट गया और परिजनों को उनकी कोई सूचना नहीं मिल पाई।
बच्चों के साथ थाने पहुंचे, पूछताछ में खुला राज
Gumla Simdega Double Murder: मंगलवार को दोनों आरोपी भाई अपने बच्चों को लेकर गुमला थाने पहुंचे और पत्नियों के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि, उनके व्यवहार और गतिविधियों को लेकर पुलिस को संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर शिव शंकर ने दोनों महिलाओं की हत्या करने और एंबुलेंस के जरिए शवों को जंगल ले जाकर दफनाने का अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया है।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से निकाले गए शव
Gumla Simdega Double Murder: बुधवार को आरोपियों द्वारा बताई गई जगह के आधार पर पुलिस टीम सिमडेगा जिले के बीरू जंगल पहुंची, जहां मजिस्ट्रेट दीपक कुमार की मौजूदगी में गड्ढा खोदकर दोनों शव निकाले गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेजा गया है। सिमडेगा के एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में झारखंड में दोहरे हत्याकांड की एक अन्य घटना भी सामने आई थी, जिसमें एक व्यक्ति ने जबरन संबंध बनाने की कोशिश विफल होने पर ससुर और बहू की टांगी से वार कर हत्या कर दी थी।

