रिपोर्टर: शिवम तिवारी
Bhander : सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उदासीनता बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में भांडेर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) बिजेन्द्र सिंह यादव ने शासन की महत्वाकांक्षी ‘स्वामित्व योजना’ के कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में पटवारी रचना मौर्य के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं।
पदीय कर्तव्यों के प्रति उदासीनता का लगा आरोप
Bhander प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, मैथाना पाली में पदस्थ पटवारी रचना मौर्य पर अपने पदीय कर्तव्यों और शासकीय दायित्वों के प्रति गंभीर उदासीनता बरतने का आरोप है। स्वामित्व योजना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने और कार्यप्रणाली में लापरवाही सामने आने के बाद एसडीएम स्तर पर यह संज्ञान लिया गया है।
भांडेर तहसीलदार को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
Bhander इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए भांडेर तहसीलदार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। एसडीएम द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तहसीलदार आरोपों से जुड़े सभी तथ्यों और दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल करेंगे।
एक माह के भीतर प्रस्तुत करनी होगी जांच रिपोर्ट
Bhander प्रशासन ने इस मामले में समय-सीमा भी तय कर दी है। जांच अधिकारी (तहसीलदार) को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच पूरी कर एक माह के भीतर अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय में प्रस्तुत करें। प्रशासन की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया है।
ये भी पढ़े: मेडल जीतने का सपना रह गया अधूरा, जाते-जाते 8 लोगों को नई जिंदगी दे गया हरियाणा का युवा जिम्नास्ट

