रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Raipur : सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड (D.Ed) अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। सोमवार, 16 नवंबर की सुबह करीब 6:30 बजे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी नया रायपुर स्थित प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के सरकारी आवास पहुंच गए और बंगले का घेराव कर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले 11 महीनों से अपने परिवारों से दूर रहकर नियुक्ति की आस में संघर्ष कर रहे हैं।

हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद लंबित है नियुक्ति प्रक्रिया
Raipur आंदोलनकारी अभ्यर्थियों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा 26 सितंबर 2025 को दिए गए आदेश के बावजूद शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लंबे इंतजार के कारण युवा गंभीर मानसिक तनाव और आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट कहा कि वे सरकार से कोई भीख नहीं मांग रहे, बल्कि अपनी योग्यता और कानूनी अधिकार के तहत शेष रिक्त पदों पर जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र देने की मांग कर रहे हैं।
दूसरी बार मंत्री आवास पर पहुंचे प्रदर्शनकारी, मची अफरातफरी
Raipur यह पहला अवसर नहीं है जब डीएड अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री के निवास का रुख किया है; इससे पहले भी वे अपनी लंबित मांगों को लेकर बंगले का घेराव कर चुके हैं। सोमवार तड़के अचानक बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने से सुरक्षाकर्मियों और प्रशासन में अफरातफरी मच गई। अभ्यर्थी नारेबाजी करते हुए मंत्री से सीधे संवाद और समाधान की मांग पर अड़े रहे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बलपूर्वक खाली कराया परिसर
Raipur स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आनन-फानन में अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब अभ्यर्थी आवास के बाहर से हटने को तैयार नहीं हुए, तो पुलिस ने बलपूर्वक कार्रवाई करते हुए सभी आंदोलनकारियों को वहां से हटाया। फिलहाल अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि जब तक नियुक्ति को लेकर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
ये भी पढ़े: दतिया में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार का एक्सल टूटने से पलटी, ड्यूटी पर जा रहे आर्मी जवान की बची जान

