रिपोर्टर: मनोज कुमार
Katihar : जिला प्रशासन ने जन शिकायतों के निवारण और सरकारी योजनाओं की पहुंच को आसान बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अब कटिहार के आम नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए जिला मुख्यालय या ब्लॉक के कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने होंगे। प्रशासन ने निर्णय लिया है कि अब हर पंचायत में नियमित रूप से ‘सहयोग शिविरों’ का आयोजन किया जाएगा, ताकि समस्याओं का समाधान सीधे जमीनी स्तर पर हो सके।
Katihar महीने में दो बार लगेंगे विशेष पंचायत शिविर
नई व्यवस्था के तहत, प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत सरकार भवन या चिन्हित सार्वजनिक स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी खुद मौजूद रहेंगे और सीधे जनता से संवाद करेंगे। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और राशन आपूर्ति जैसे मुद्दों का मौके पर ही निपटारा करना है।
Katihar आवेदन की पहले ही शुरू होगी प्रक्रिया
शिविर की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने एक व्यावहारिक योजना बनाई है। शिविर के आयोजन की तिथि से पहले ही आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इससे अधिकारियों को शिकायतों का अध्ययन करने और उनके त्वरित समाधान के लिए होमवर्क करने का पर्याप्त समय मिलेगा। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लंबित और निष्पादित मामलों की सूची के साथ शिविर में आएं, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और जनता को अपने आवेदन की सही स्थिति ज्ञात हो सके।
Katihar योजनाओं की जानकारी और जागरूकता पर जोर
अपर समाहर्ता डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि इन शिविरों का दोहरा लाभ होगा। एक तरफ जहाँ शिकायतों का निवारण होगा, वहीं दूसरी तरफ आम लोगों को सरकारी योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में शिक्षित किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि बिचौलियों की भूमिका भी समाप्त होगी और योजनाओं का सीधा लाभ पात्र नागरिकों तक पहुँच सकेगा।
ये भी पढ़े: Jaipur में स्पीकर्स का महामंथन: संसदीय समितियों को ‘सुपरपावर’ बनाने पर होगी चर्चा

