Kanpur Ganesh immersion clash:उत्तर प्रदेश के कानपुर में गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान हुई हिंसा ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुजैनी थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव के पास विसर्जन यात्रा को घेरकर कथित तौर पर बमबाजी और फायरिंग की गई, जिसके बाद भगदड़ मच गई। इस अप्रत्याशित हमले में महिलाओं और बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
ट्रैक्टर रुकवाकर की गई बमबाजी और फायरिंग
Kanpur Ganesh immersion clash:प्राप्त जानकारी के अनुसार, हनुमंत विहार गल्ला मंडी केडीए कॉलोनी निवासी अर्पित शुक्ला ने अपने घर में गणेश प्रतिमा स्थापित की थी। 24 सितंबर की शाम करीब पांच बजे वह अपने दोस्तों और अन्य भक्तों के साथ प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले थे। यात्रा डीजे और गाजे-बाजे के साथ आगे बढ़ रही थी, तभी गुजैनी के फत्तेपुर गांव के पास लगभग दो दर्जन लोगों ने विसर्जन यात्रा को रोक लिया। आरोप है कि ट्रैक्टर रुकते ही बदमाशों ने दो से तीन राउंड फायरिंग की और ताबड़तोड़ बम फोड़ने शुरू कर दिए, जिससे सड़क पर धुएं का गुबार फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
लाठी-डंडों और कुल्हाड़ियों से लैस होकर दौड़े हमलावर
Kanpur Ganesh immersion clash:प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बम के धमाकों के बाद भगदड़ का फायदा उठाकर कुछ उपद्रवी लाठी-डंडों और कुल्हाड़ियों के साथ भक्तों की ओर दौड़े। इस दौरान अंश शर्मा, अर्पित शुक्ला, अविरल दुबे और मयंक को घेरकर बेरहमी से पीटा गया। बीच-बचाव में आईं बबली नामक महिला भी हमले में घायल हो गईं। जान बचाने के लिए महिलाओं और बच्चों ने खेतों में कूदकर शरण ली, जिससे कई बच्चों के पैरों में कांटे भी चुभ गए। हमलावरों ने कई बाइकों में भी तोड़फोड़ की और उनकी चाबियां निकाल लीं।
पुरानी रंजिश के तहत हमले की आशंका
Kanpur Ganesh immersion clash:मुख्य आयोजक अर्पित शुक्ला ने आरोप लगाया है कि पिछले साल मोहल्ले के ही शोभित सिंह राणा से उनका विवाद हुआ था, जिसके बाद मुकदमा दर्ज कराया गया था। अर्पित का दावा है कि उसी मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था और इसी पुरानी रंजिश के तहत घात लगाकर यह हमला किया गया है। हालांकि, घटना का एक 46 सेकंड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लगातार तीन धमाकों की आवाज साफ सुनी जा सकती है।
पुलिस की कार्रवाई और मामले की जांच
Kanpur Ganesh immersion clash:घटना की सूचना मिलते ही एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल और गुजैनी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली और वायरल वीडियो को अपने कब्जे में लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयांनों और पुरानी रंजिश के तमाम पहलुओं को आधार बनाकर गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

