UjjainUjjain
Spread the love

रिपोर्टर: अनुराग शुक्‍ला

Ujjain : निरंजनी अखाड़े से ताल्लुक रखने वाले और उज्जैन के भूखी माता मंदिर मार्ग पर विशाल आश्रम तथा गौशाला का निर्माण करवा रहे महामंडलेश्वर इंद्रदेव पर यौन उत्पीड़न और धमकाने का संगीन मामला सामने आया है। मुंबई निवासी एक पीड़िता की शिकायत पर वहां की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद संत समाज और अखाड़ा परिषद में हड़कंप मच गया है।

सोशल मीडिया और सत्संग से संपर्क की शुरुआत

Ujjain मामले का घटनाक्रम वर्ष 2023 से शुरू होता है। पीड़ित महिला अपने पारिवारिक संकटों के समाधान के लिए धार्मिक गुरुओं के प्रवचन सुन रही थी। इसी क्रम में उसने फेसबुक पर महाराज के वीडियो देखे और फिर टीवी कार्यक्रम से नंबर हासिल कर उनसे संपर्क साधा। सांताक्रुज (मुंबई) में आयोजित सत्संग के दौरान महिला ने उनसे मुलाकात की और दीक्षा ग्रहण की। इसके बाद महाराज के कहने पर वह लगातार उनके संपर्क में रहने लगी।

अश्लील वीडियो कॉल और वृंदावन में दुष्कर्म का आरोप

Ujjain महिला का आरोप है कि संपर्क में आने के कुछ समय बाद जून 2024 और फिर नवंबर 2025 में महाराज ने उसे वीडियो कॉल करके अश्लील हरकतें कीं और अनुचित दबाव बनाया। आरोप के अनुसार, नवंबर 2025 में जब पीड़िता अपनी बेटी के साथ वृंदावन के आश्रम में रुकी थी, तब महाराज ने उसे अपने कमरे में बुलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बाद में न्यूजीलैंड की एक महिला श्रद्धालु से बातचीत के दौरान महाराज के इस आचरण का पर्दाफाश हुआ, जिसके ऑडियो सबूत भी सामने आए।

केस दर्ज होने के बाद अखाड़े से निष्कासन की तैयारी

Ujjain साक्ष्य उजागर होने पर महाराज द्वारा कथित तौर पर धमकियां दी गईं, जिससे परेशान होकर पीड़िता ने अंततः मुंबई पुलिस का रुख किया। पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद निरंजनी अखाड़ा और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने सख्त रुख अपनाया है। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महाराज रविंद्र पुरी ने स्पष्ट किया है कि पंचों की बैठक बुलाकर औपचारिक प्रक्रिया के तहत इंद्रदेव को अखाड़े से बाहर निकालने का फैसला लिया जाएगा।

ये भी पढ़े: मुरैना: 232 किलो डोडा-चूरा तस्कर अस्पताल से फरार, सोते रहे पुलिसकर्मी