JamtaraJamtara
Spread the love

रिपोर्टर: रतन कुमार

Jamtara Land Dispute Clash : झारखंड के जामताड़ा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां जमीन के एक टुकड़े के लिए सगे संबंधी आपस में भिड़ गए। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के चरकी पहाड़ी गांव में बुधवार सुबह दो पक्षों के बीच हुए इस हिंसक टकराव में 61 वर्षीय एक महिला की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस खूनी संघर्ष के बाद से ही पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Jamtara Land Dispute Clash खेत में चाय देने गई थीं बुजुर्ग महिला, सिर पर लगी गंभीर चोट

मृतका की पहचान 61 वर्षीय सुमित्रा देवी के रूप में की गई है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब सात बजे दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में लाठी-डंडों और धारदार हथियारों की लड़ाई में तब्दील हो गया। वारदात के वक्त सुमित्रा देवी अपने पोते कौशिक पोद्दार के लिए खेत में चाय लेकर जा रही थीं। अपने परिवार को झगड़ते देख जब वह बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो हमलावरों ने उनके सिर पर भारी वार कर दिया। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हमले में मृतका के पति अमृत पोद्दार और बेटे प्रदीप पोद्दार भी जख्मी हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Jamtara Land Dispute Clash एक दर्जन से अधिक लोगों पर हत्या का आरोप

पीड़ित परिवार ने इस जानलेवा हमले का आरोप अपने ही कबीले के रामू पोद्दार, गेंदो पोद्दार, दिनेश पोद्दार, गुलटन पोद्दार, बजरंगी पोद्दार, पूजा देवी, बेबी देवी, संतोषी देवी और उषा देवी सहित कई अन्य लोगों पर लगाया है। घटना की भयावहता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) वसीम रजा और करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

Jamtara Land Dispute Clash एक आरोपी पुलिस की कस्टडी में, गांव में सुरक्षा सख्त

थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे ने बताया कि शुरुआती जांच में पूरा मामला विशुद्ध रूप से जमीनी रंजिश का लग रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से एक, बजरंग पोद्दार को हिरासत में ले लिया है और उससे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। एसडीपीओ वसीम रजा ने कहा कि पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है और पीड़ित पक्ष से लिखित शिकायत मिलते ही सभी दोषियों के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल गश्त कर रहा है।

ये भी पढ़े: Sanjay Yadav Sheikhpura Demise: जाने-माने समाजसेवी और प्रखर वक्ता संजय यादव का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर