रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दबिश देकर कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 16 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप जब्त किया गया है। आरोप है कि यह गिरोह फर्जी कस्टमर केयर नंबरों के जरिए लोगों से ठगी करता था और साइबर ठगों को सिम कार्ड मुहैया कराता था।


बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी शंभु कुमार सिंह ने इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद साइबर डीएसपी अमित रविदास के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई, जिसमें साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, निरीक्षक गुलशन कुमार सिंह और अवर निरीक्षक हीरालाल महतो शामिल थे।
मुरलीपहाड़ी में दबिश, पांच साइबर आरोपी धराए
Jamtara पुलिस टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी गांव में पानी टंकी के पीछे छापेमारी कर पांच आरोपियों को दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साजीद अंसारी (23), सागीर अंसारी (24), दिलबर अंसारी (21), कलीम अंसारी (42) और इमरान अंसारी (25) के रूप में की गई है। ये सभी नारायणपुर थाना अंतर्गत बंदरचुआं गांव के रहने वाले बताए गए हैं। इस प्रकरण को लेकर साइबर अपराध थाना में 25 नवंबर 2026 को कांड संख्या 77/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
नकली कस्टमर केयर नंबर और एपीके फाइल से ठगी का तरीका
Jamtara जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी इंटरनेट सर्च प्लेटफॉर्म पर नामी ई-कॉमर्स कंपनियों, डिजिटल भुगतान सेवाओं और कंज्यूमर प्रोडक्ट कंपनियों के कस्टमर केयर नंबर के रूप में अपने नंबर डालते थे। मदद के लिए इन नंबरों पर कॉल करने वाले ग्राहकों को समस्या हल करने का भरोसा दिलाया जाता था। इसके बाद पीड़ितों के फोन में एपीके (APK) फाइल भेजकर उसे इंस्टॉल कराया जाता था, जिसके माध्यम से बैंकिंग से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां चुराकर ठगी को अंजाम दिया जाता था। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के निशाने पर देश के विभिन्न राज्यों के लोग रहते थे।
पूर्व के मामले में भी पांच आरोपी गिरफ्तार, सिम उपलब्ध कराने का आरोप
Jamtara इसके अलावा पुलिस ने 23 नवंबर 2026 को दर्ज कांड संख्या 76/26 के मामले में भी विशेष दल के जरिए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मिहिजाम थाना क्षेत्र के लीलानगर कानगोई निवासी संजय मंडल, राजू मंडल और टुनटून मंडल के अलावा हिल रोड मिहिजाम निवासी धीरज कुमार साव तथा जामताड़ा के बीरग्राम निवासी रूबीसन मुर्मू शामिल हैं। पुलिस जांच के मुताबिक, ये लोग अपने नाम से कई सिम कार्ड निकलवाकर आर्थिक लाभ के बदले साइबर अपराधियों को देते थे, जिससे अपराधियों को अपनी गतिविधियां चलाने में मदद मिलती थी। लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों से जिले में साइबर अपराध के नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़े: ग्वालियर में एमडीआर टीबी अस्पताल की करोड़ों की जमीन पर माफिया की नजर, प्रस्ताव न जाने से खतरे में संपत्ति

