JamtaraJamtara
Spread the love

रिपोर्टर: रतन कुमार

Jamtara Cyber Crime Arrest : झारखंड के जामताड़ा जिले में पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी RTO ई-चालान और सिम केवाईसी (KYC) के नाम पर देश भर के लोगों को अपना शिकार बना रहे थे। पुलिस अधीक्षक (SP) शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर गठित स्पेशल टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसकी विस्तृत जानकारी साइबर डीएसपी अमित कुमार ने प्रेस वार्ता में दी।

Jamtara Cyber Crime Arrest फर्जी RTO चालान और ‘APK’ फाइल से खाली करते थे बैंक खाता

पकड़े गए आरोपियों में से एक, 19 वर्षीय राज कुमार मंडल (निवासी सियाटांड़) ठगी के लिए बेहद खतरनाक तरीका अपना रहा था। वह वाहन मालिकों के व्हाट्सएप पर फर्जी RTO ई-चालान का झांसा देकर एक ‘APK’ (एंड्रॉइड एप्लिकेशन पैकेज) लिंक भेजता था। जैसे ही कोई यूजर उस संदिग्ध लिंक पर क्लिक कर ऐप डाउनलोड करता, उसका मोबाइल हैक हो जाता था। इसके बाद अपराधी फोन का पूरा एक्सेस हासिल कर ई-वॉलेट और नेट बैंकिंग के जरिए पलक झपकते ही पैसे उड़ा लेते थे।

Jamtara Cyber Crime Arrest जियो सिम और केवाईसी अपडेट के नाम पर भी लगाया चूना

गिरोह के दो अन्य सदस्य, सोनू कुमार मंडल (30 वर्ष, निवासी लकरटांगा) और बंटी कुमार सेन (28 वर्ष, निवासी मंझलाडीह) लोगों को फर्जी कॉल कर खुद को टेलीकॉम कंपनी (Jio) का कस्टमर केयर अधिकारी बताते थे। ये शातिर अपराधियों को सिम ब्लॉक होने, सिम अपग्रेड करने या केवाईसी (KYC) अपडेट कराने का डर दिखाते थे। जैसे ही पीड़ित इनके झांसे में आकर अपनी बैंकिंग डिटेल्स और ओटीपी (OTP) साझा करता, ये उनके खातों को साफ कर देते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बंटी कुमार सेन का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

Jamtara Cyber Crime Arrest 7 मोबाइल और 6 सिम कार्ड जब्त, जांच में जुटी साइबर सेल

पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 7 स्मार्टफोन और 6 एक्टिवेट सिम कार्ड बरामद किए हैं। साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, इंस्पेक्टर चंद्रमणि भारती और इंस्पेक्टर मनीष कुमार गुप्ता की टीम अब इन बरामद उपकरणों के डिजिटल डेटा और कॉल रिकॉर्ड्स को खंगाल रही है, ताकि इस रैकेट से जुड़े देशव्यापी नेटवर्क और अन्य सह-आरोपियों का पर्दाफाश किया जा सके। सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

ये भी पढ़े: Kanker Nal Jal Yojana failure: कांकेर में ‘नल-जल योजना’ की खुली पोल, 6 साल बाद भी कई गांवों में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग