रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुलिस गश्ती दल को देखकर भागने के प्रयास में मवेशियों से भरी एक अनियंत्रित बोलेरो पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में क्रूरतापूर्वक ठूंसकर लादे गए 5 मवेशियों में से 3 बैलों ने भी दम तोड़ दिया। घटना करमाटांड़-मदनकट्टा मुख्य मार्ग पर इंद्राटांड़ के समीप तड़के लगभग 3 बजे घटी। मृतकों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के चिरुडीह गांव निवासी अशरफ अंसारी (35 वर्ष) और रफीक अंसारी (40 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस को देखते ही बढ़ाई रफ्तार, मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटी गाड़ी
Jamtara प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 3 बजे गश्त पर निकली करमाटांड़ पुलिस की नजर संदिग्ध अवस्था में जा रही बोलेरो पर पड़ी। पुलिस को देखते ही चालक ने पकड़े जाने के डर से वाहन की गति बढ़ा दी। इसी दौरान एक तीखे घुमावदार मोड़ पर तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मिट्टी में फिसलते हुए पलट गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वाहन सवार दोनों व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी थी।
बोलेरो में क्रूरतापूर्वक भरे गए थे 5 मवेशी, 3 की दम घुटने व चोट से मौत
Jamtara पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे शवों और मवेशियों को बाहर निकाला। गाड़ी के भीतर 5 मवेशियों को बेहद अमानवीय और कड़े तरीके से बांधकर रखा गया था। हादसे के झटके और दम घुटने के कारण 3 बैलों की मौत हो गई, जबकि 2 मवेशियों को सुरक्षित बचा लिया गया।
चोरी की मवेशी होने की पुष्टि, पुलिस नेटवर्क खंगालने में जुटी
Jamtara प्रारंभिक पुलिस जांच में मामला मवेशी चोरी से जुड़ा पाया गया है। बिंदापाथर थाना क्षेत्र के गेड़िया गांव निवासी ग्रामीणों (निमाई महतो व पांचू महतो) ने बरामद बैलों की पहचान अपने चोरी हुए मवेशियों के रूप में की है। वाहन में मौजूद एक अन्य गाय की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और पशु तस्करी व चोरी से जुड़े पूरे गिरोह की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े: धार: विधवा महिला के साथ बर्बरता का वीडियो वायरल, चरित्र शंका में घर में घुसकर लाठी-डंडों से पीटा

